पुणे(ईएमएस)। पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेश कलमाड़ी का 81 साल की उम्र में निधन हो गया है। महाराष्ट्र के पुणे स्थित दीनानाथ मंगेश्कर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। कलमाड़ी कई बार पुणे से लोकसभा सांसद रहे और सार्वजनिक जीवन में उन्होंने केंद्रीय मंत्री समेत कई बड़े पदों पर काम किया है। खबर है कि उनके पार्थिव शरीर को मंगलवार दोपहर 2 बजे शहर के एरंडवाने स्थित आवास कलमाड़ी हाउस में रखा जाएगा। इसके बाद दोपहर 3 बजकर 30 मिनट पर बैकुंठ श्मशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। कलमाड़ी यूपीए सरकार में रेल राज्य मंत्री रहे। इसके अलावा वह आईओए यानी भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष भी रहे। इसके अलावा भी वह लंबे समय तक कई अहम पदों पर रहे। साल 2010 में वह कॉमनवैल्थ गेम्स भ्रष्टाचार मामले में निशाने पर आ गए थे। उनपर फंड्स के दुरुपयोग करने के आरोप लगे थे। इसके चलते वह साल 2011 में गिरफ्तार भी हुए थे और कांग्रेस ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया था। वीरेंद्र/ईएमएस/06जनवरी2026