राज्य
08-Jan-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई महानगरपालिका के चार पूर्व महापौर चुनाव मैदान में उतरे हैं, और उन सभी की संपत्ति करोड़ों रुपये तक बढ़ गई है। यह बढ़ोतरी 2017 के चुनावों में पूर्व महापौर श्रद्धा जाधव, किशोरी पेडणेकर, विशाखा राउत, मिलिंद वैद्य और पूर्व उप महापौर हेमांगी वर्लीकर द्वारा घोषित संपत्ति की तुलना में काफी ज़्यादा है। दिलचस्प बात ये है कि जब कोविड-19 महामारी के दौरान सभी की नौकरियों और व्यवसायों पर गंभीर असर पड़ा और वे वित्तीय संकट में आ गए मगर इन पूर्व महापौरों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। मालूम हो कि मुंबई मनपा के आम चुनावों के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। इन आवेदनों के साथ, उम्मीदवारों ने अपने हलफनामे जमा किए हैं, जिसमें उनकी आय और संपत्ति के बारे में जानकारी शामिल है। किशोरी पेडणेकर, जिन्होंने मनपा के भंग होने से पहले महापौर के रूप में कार्य किया था, उनकी संपत्ति में साढ़े तीन करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। 2017 में, उनकी संपत्ति 1.61 करोड़ रुपये की थी, और अब यह बढ़कर 5.26 करोड़ रुपये हो गई है। इसी तरह, पूर्व महापौर विशाखा राउत, जो सदन की नेता भी थीं, उनकी संपत्ति में लगभग छह करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। पहले, उनकी संपत्ति 14.37 करोड़ रुपये की थी, और अब यह बढ़कर 21.83 करोड़ रुपये हो गई है। पूर्व महापौर श्रद्धा जाधव की संपत्ति में लगभग ढाई करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। पहले, उनकी कुल संपत्ति 44.29 करोड़ रुपये थी, जो अब 46.34 करोड़ रुपये है। पूर्व महापौर मिलिंद वैद्य की संपत्ति में भी 10 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। 2017 में, उन्होंने अपनी संपत्ति 2.14 करोड़ रुपये घोषित की थी, जो अब 13.39 करोड़ रुपये घोषित की गई है। पूर्व उप महापौर हेमांगी वर्लीकर की संपत्ति में भी लगभग पांच करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। पिछले 2017 के चुनावों में, हेमांगी वर्लीकर के पास 1.85 करोड़ रुपये की संपत्ति थी, जो अब 7.13 करोड़ रुपये दिखाई गई है। आईये एक नजर डालते हैं इनकी चल-अचल संपत्ति पर- उम्मीदवार: किशोरी पेडणेकर (पूर्व महापौर)- (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) वार्ड 199 (सात रास्ता-धोबीघाट) पेशा: व्यवसाय 2025 तक कुल चल और अचल संपत्ति: 5,26,45,856 2017 तक कुल चल और अचल संपत्ति: 1,61,53,251 उम्मीदवार: विशाखा राउत (पूर्व महापौर) - (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) वार्ड 191 (माहिम-शिवाजी पार्क) पेशा: व्यवसाय 2025 तक कुल चल और अचल संपत्ति: 21,83,00,915 2017 तक कुल चल और अचल संपत्ति: 14,37,43,905 उम्मीदवार: श्रद्धा जाधव (पूर्व महापौर): (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) वार्ड 202 (शिवड़ी) पेशा: व्यवसाय 2025 तक कुल चल और अचल संपत्ति: 46,34,72,473 2017 तक कुल चल और अचल संपत्ति: 44,29,78,220 उम्मीदवार: हेमांगी वर्लीकर (पूर्व उप महापौर) - (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) वार्ड 193 (वर्ली कोलीवाड़ा) पेशा: बताया नहीं गया 2025 तक कुल चल और अचल संपत्ति: 7,13,44,375 2017 तक कुल चल और अचल संपत्ति: 1,85,93,865 उम्मीदवार: मिलिंद वैद्य (पूर्व महापौर) (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) वार्ड 182 (माहिम कोलीवाड़ा, पुलिस कॉलोनी) पेशा: व्यवसाय 2025 तक कुल चल और अचल संपत्ति: 13.39 करोड़ रुपये 2017 तक कुल चल और अचल संपत्ति: 2.14 करोड़ रुपये स्वेता/संतोष झा- ०७ जनवरी/२०२६/ईएमएस