- चालक की लाठी-डंडों से पिटाई, गंभीर रूप से घायल, पीजीआई रेफर सोलन (ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के परवाणू में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात हरियाणा के पांच-छह युवकों ने टैक्सी चालक ईशान पर लाठी और रॉड से बेरहमी से हमला कर दिया। आरोपियों ने ईशान की टांग पकड़कर उस पर लगातार वार किए, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी टांगों में कई फ्रैक्चर हो गए। पिटाई के दौरान ईशान मदद के लिए चिल्लाता रहा, लेकिन आसपास मौजूद किसी ने भी हस्तक्षेप नहीं किया। घायल ईशान को पहले ईएसआई अस्पताल परवाणू ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। परवाणू पुलिस ने पांच-छह अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। आरोपियों और पीड़ित के बीच पुराना विवाद था, जिसकी शिकायत पहले से हरियाणा पुलिस के पास दर्ज थी। पुलिस की टीमें हरियाणा के कालका और पंचकूला में आरोपियों की तलाश कर रही हैं। सतीश मोरे/09जनवरी ---