राज्य
10-Jan-2026
...


होशियारपुर (ईएमएस)। पंजाब के होशियारपुर जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा दसूहा क्षेत्र में अड्डा दोसड़क के पास उस समय हुआ, जब एक रोडवेज बस और कार की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार आगे से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना शनिवार सुबह करीब चार बजे हुई। कार में सवार सभी लोग हिमाचल प्रदेश के गगरेट क्षेत्र के निवासी थे। ये लोग अपने परिचित अमृत कुमार को विदेश जाने के लिए अमृतसर एयरपोर्ट छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान दसूहा से होशियारपुर की ओर जा रही पंजाब रोडवेज की बस से उनकी कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार सुखविंदर सिंह (45) पुत्र हरनाम सिंह, सुशील कुमार (46) पुत्र देसराज, ब्रिज कुमार (38) पुत्र महिंदर कुमार और अरुण कुमार (45) पुत्र गुरपाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सभी मृतक हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के दौलतपुर क्षेत्र के चलेत गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वहीं अमृत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और सड़क पर कम दृश्यता को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे।