-काफिले के सामने अचानक आ गई थी गाय बरेली,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य उस समय बाल-बाल बच गए, जब शनिवार रात उनकी कार बरेली में एक गाय से टकरा गई। अधिकारियों के अनुसार, यह दुर्घटना बरेली के पीलीभीत बाईपास रोड पर स्थित बजरंग ढाबे के पास हुई। अचानक सामने आई गाय से टकराते हुए उनकी कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही, कि इस दुर्घटना में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को कोई चोट नहीं आई। घटना के तुरंत बाद ही उन्हें दूसरे वाहन में सुरक्षित रूप से बरेली एयरपोर्ट ले जाया गया। इस हादसे की वजह से कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग भी चौंक गए, क्योंकि यह घटना अचानक घटित हुई। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो भी वायरल हो गया है, जिसमें दुर्घटना के बाद की स्थिति दिखाई जा रही है। दिवंगत विधायक के परिवार से मिलने पहुंचे थे मौर्य घटना तब हुई जबकि केशव प्रसाद मौर्य बरेली में थे। वह दिवंगत विधायक श्याम बिहारी लाल के परिवार से मिलने आए थे, ताकि शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दे सकें। इसके बाद वह बदायूं जिले में विधायक हरीश शाक्य के घर शोक सभा में हिस्सा लेने पहुंचे थे। वहां से वापस एयरपोर्ट की ओर लौटते हुए उनके काफिले की कार दुर्घटना का शिकार हो गई। हिदायत/ईएमएस 11जनवरी26