क्षेत्रीय
11-Jan-2026
...


- कृषक रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया राजगढ़ (ईएमएस) मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को “कृषि वर्ष” के रूप में मनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में रविवार को सारंगपुर में किसानों तक आधुनिक कृषि तकनीकों एवं केंद्र व राज्य सरकार की शासकीय योजनाओं की जानकारी सीधे खेत तक पहुँचाने के उद्देश्य से कृषक रथ अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल ने कहा कि यह अभियान किसानों को वैज्ञानिक पद्धतियों से खेती करने के लिए प्रेरित करने तथा कृषि को अधिक लाभकारी बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। साथ ही कृषक रथ के माध्यम से किसानों को वैज्ञानिक खेती, जैविक एवं प्राकृतिक कृषि, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, उर्वरकों का संतुलित उपयोग, कीट एवं रोग प्रबंधन, फसल विविधीकरण, पराली प्रबंधन तथा उत्पादन बढ़ाने के आधुनिक उपायों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही किसानों को ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण की प्रक्रिया तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कृषि हितैषी योजनाओं से भी अवगत कराया जाएगा, जिससे उन्हें योजनाओं का सीधा और पारदर्शी लाभ मिल सके कृषक रथ जिले के प्रत्येक विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में भ्रमण करेगा और जायद, खरीफ एवं रबी फसलों की बुवाई से पूर्व किसानों को आवश्यक, उपयोगी एवं व्यवहारिक मार्गदर्शन प्रदान करेगा। इससे किसानों को समय रहते सही जानकारी मिल सकेगी और खेती की लागत घटाकर उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी। कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल किसानों को नई तकनीकों से जोड़ने, खेती को वैज्ञानिक आधार देने और कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने में सहायक सिद्ध होगी। यह अभियान न केवल किसानों को सशक्त बनाएगा, बल्कि क्षेत्र की कृषि को आधुनिक और समृद्ध बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।। निखिल कुमार (राजगढ़)11/1/2026