कोरबा(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में धान बिक्री के लिए टोकन नहीं मिलने से परेशान एक किसान ने कीटनाशक पी लिया। उसे गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना हरदी बाजार थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, किसान का नाम सुमेर सिंह गोड़ (40) है। जो कोरबी के रहने वाले हैं। 68 क्विंटल से अधिक धान बेचने के लिए टोकन कटवाने में उन्हें लगातार समस्या का सामना करना पड़ रहा था। उनके पास फोन नहीं होने के कारण यह समस्या और बढ़ गई थी। परेशान होकर उसने कीटनाशक पी लिया। इस मामले में कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि जहां आदिवासी मुख्यमंत्री हैं, वहां आदिवासी किसान जहर खाने को मजबूर हो रहा है। गरीब आदमी जहर खाने को मजबूर हैं। इससे पहले महासमुंद के बागबाहरा में टोकन नहीं मिलने से किसान ने ब्लेड से खुद का गला काट लिया था। किसान की सांस नली कट गई थी। जिसे इलाज के लिए हालत गंभीर होने की वजह से रायपुर रेफर किया गया था। विनोद उपाध्याय / 12 जनवरी, 2026