नई दिल्ली (ईएमएस)। उत्तर भारत में भीषण ठंड का प्रकोप जारी है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में तापमान शून्य से भी नीचे चला गया है। वहीं दिल्ली में इस साल पहली बार न्यूनतम तापमान तीन डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज किया गया। शिमला में सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस रहा। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक भीषण ठंड जारी रहने का अनुमान है। उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भीषण शीत लहर की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में गंभीर शीतलहर और अत्यधिक घने कोहरे की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। इसके अलावा, सात राज्यों - हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार में घने कोहरे की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। ताजा पूर्वानुमान रिपोर्ट में ये चेतावनी दी गई है कि घने कोहरे का संकट अगले कुछ दिनों तक बना रहेगा। मौसम भवन के फोरकास्ट रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 13 जनवरी तक कुछ इलाकों में सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जबकि 18 जनवरी 2026 तक कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है। बिहार में भी 17 जनवरी 2026 तक कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का पूर्वानुमान है। रिपोर्ट में कहा गया है कि जम्मू मंडल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब में 16 तारीख तक, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 17 तारीख तक, पश्चिमी राजस्थान में 13 तारीख तक, पूर्वी राजस्थान और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 14 तारीख तक, वहीं असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 14 जनवरी को सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है। सोमवार सुबह को भी कड़ाके की ठंड महसूस की गई। हालांकि दिन में धूप खिली। शहर के कई मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान लुढ़ककर करीब तीन डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। जनवरी 2023 के बाद ये इस महीने का सबसे ठंडा दिन रहा। आईएमडी के अनुसार, 16 जनवरी 2023 को न्यूनतम तापमान गिरकर 1।4 डिग्री सेल्सियस हो गया था। ठंड के चलते सुबह और रात में शीतलहर की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक 12 जनवरी से 14 जनवरी तक शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। इन दिनों अधिकतम तापमान 19 से 20 डिग्री और न्यूनतम 3 से 4 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। ठंड को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन 15 जनवरी तक नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों में बच्चों के लिए छुट्टी घोषित कर दी है। सुबह 8:30 बजे दर्ज स्टेशन-वार आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला में न्यूनतम तापमान 3।2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम था। पालम में न्यूनतम तापमान 3।3 डिग्री सेल्सियस, जबकि लोधी रोड स्टेशन में तीन डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार रिज क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबोध/१२-०१-२०२६