राष्ट्रीय
12-Jan-2026
...


- आज का युवा केवल नौकरी लेने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बन रहा है। यह बदलाव और यह सोच हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शिता और नेतृत्व के कारण ही संभव हो पाया है। गुरुग्राम (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने आज सोमवार को हरियाणा के गुरुग्राम में राष्ट्रीय युवा दिवस कार्यक्रम को संबोधित किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं युवा शक्ति को आगे बढ़ाने की उनकी नीतियों की सराहना करते हुए कहा कि हमें स्वामी विवेकानंद के विचारों के अनुरूप देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण के यज्ञ में जोड़ना है। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या, हरियाणा के प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बडौली, प्रदेश के सह-प्रभारी सुरेंद्र नागर, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह, भाजपा केंद्रीय संसदीय बोर्ड की सदस्य श्रीमती सुधा यादव एवं राष्ट्रीय सचिव ओम प्रकाश धनकर सहित अन्य नेतागण उपस्थित रहे।  श्री नवीन ने कहा कि सभी के प्रेरणा पुरुष स्वामी विवेकानंद ने हमेशा युवा शक्ति पर भरोसा किया। उनका मानना था कि जब-जब यह देश आगे बढ़ेगा और जब-जब यह देश नई ऊँचाइयों को छुएगा, तब-तब उन ऊँचाइयों का नेतृत्व कोई न कोई युवा ही करेगा। आज हम इस बात के साक्षी हैं कि हमारे प्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं को आगे बढ़ने और देश के लिए अपना सर्वस्व अर्पित करने का मंत्र दिया है। यदि हमें 2047 तक विकसित भारत बनाना है तो इस देश के युवाओं को आगे आना होगा और इस देश के युवा नेतृत्व को आगे बढ़कर भूमिका निभानी होगी। स्वामी विवेकानंद के शब्दों में व्यक्त जो विश्वास था कि उन्हें अपने देश पर, विशेष रूप से अपने देश के युवाओं पर आस्था है। वही विश्वास और वही आशा का प्रतीक आज भी प्रेरणा देता है। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि जिस प्रकार से हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में लगातार युवाओं को रोजगार देने तथा युवाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास हो रहा है, वह सराहनीय है। आज पूरे देश में लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है और आने वाले समय में भारत पूरे विश्व में सबसे अधिक युवा आबादी वाला देश बनने जा रहा है। ऐसे समय में यह आवश्यक है कि हम सही दिशा की ओर आगे बढ़ें। देश में जो स्टार्टअप की योजनाएँ हैं और जो विभिन्न प्रकार की स्किल इंडिया की योजनाएँ हैं, उन्हें जिस प्रकार से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आकार दिया है और मेक इन इंडिया को जिस प्रकार से आगे बढ़ाया है, वह युवाओं को रोजगार देने वाला बन रहा है। यह परिवर्तन हमारे नेता नरेन्द्र मोदी की दूरदर्शी सोच के आधार पर ही संभव हो पाया है। श्री नवीन ने कहा कि आज देश का युवा भारत की टेक्नोलॉजी क्रांति को आगे बढ़ते हुए देख रहा है। एक समय था जब 4G के क्षेत्र में भारत दुनिया का अनुसरण करता था, 5G में कदम से कदम मिलाकर चलने का प्रयास किया गया, लेकिन अब 6G की क्रांति का दौर है, उसमें भी नेतृत्व भारत का युवा कर रहा है। सॉफ्टवेयर से लेकर हर प्रकार की टेक्नोलॉजी में आज भारत का युवा अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यदि कोई सिलिकॉन वैली जाकर देखे, तो वहाँ बैठा हुआ लगभग 50 प्रतिशत युवा भारत का है, जो वैश्विक स्तर पर भी भारत का नेतृत्व कर रहा है। यह इसलिए संभव हो पाया है क्योंकि भारत का युवा लगातार सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। आज के युवाओं में जोश और ऊर्जा है, और उस जोश को सही दिशा देने का कार्य यदि कोई कर रहा है, तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएँ देश में लागू कीं और साथ ही सामाजिक जीवन में भी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। दो वर्ष पूर्व 15 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि यदि भारत को आगे बढ़ना है, तो लाखों युवाओं को सामाजिक और राजनीतिक जीवन में आगे आना होगा। उन्होंने युवाओं को राजनीति में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का निमंत्रण दिया। कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि आज भी कुछ लोग राजनीति को पार्ट टाइम के रूप में करते हैं, लेकिन भाजपा का कार्यकर्ता पूरी तरह से पैशन और समर्पण भाव के साथ फुल टाइम राजनीति करता है, ताकि देश की सेवा निष्ठा के साथ कर सके। यदि आज के युवाओं को राजनीति में आना है, तो उन्हें शॉर्टकट से बचना होगा, क्योंकि शॉर्टकट हमेशा परेशानी का कारण बनता है। श्री नवीन ने राजनीति में आने वाले युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि राजनीति 100 मीटर की दौड़ नहीं, बल्कि एक लंबी मैराथन है। इसमें गति की नहीं, बल्कि धैर्य और स्टैमिना की परीक्षा होती है। धैर्य, सही दिशा और संकल्प के साथ आगे बढ़कर ही नई पीढ़ी के साथ देश की राजनीति को मजबूत किया जा सकता है और भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में आगे ले जाया जा सकता है। श्री नवीन ने कहा कि आज जिस प्रकार से हम स्थिति को देख रहे हैं, वह एक बड़े परिवर्तन को दर्शाती है। एक समय था जब भारत में निवेश की संभावनाओं को लेकर लोग असमंजस में रहते थे और यह विचार किया जाता था कि भारत में निवेश किया जाए या नहीं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस प्रकार का नेतृत्व देश को दिया है, उसके परिणामस्वरूप आज विश्व यह मानता है कि निवेश के लिए भारत सबसे बेहतर और सबसे सुरक्षित भूमि है। यह नए भारत की तस्वीर है। एक समय था जब मोबाइल कंपनियों की मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स अधिकतर विदेशों में हुआ करती थीं, लेकिन आज का युग ऐसा है कि भारत विश्व का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बन गया है। दूसरी यह भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और आत्मनिर्भरता को दर्शाता है। हम भले ही विभिन्न विषयों पर चर्चा करते रहते हों, लेकिन देश की विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य भी यदि किसी ने किया है, तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार ने किया है। एक ओर जहाँ टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में निरंतर प्रगति हो रही है, वहीं दूसरी ओर देश की संस्कृति को सशक्त करने का भी कार्य किया जा रहा है। साथ ही युवाओं को सही दिशा देने, उनमें स्वाभिमान की भावना जागृत करने का कार्य भी समान रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है। श्री नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जिस प्रकार से सोमनाथ के स्वाभिमान और गौरव को आज पुनः प्रतिष्ठित करने का कार्य किया है, वह हम सभी भारतवासियों के लिए गर्व का विषय है। आज से लगभग एक हजार वर्ष पहले जिन लोगों ने भारत की इस पावन भूमि को रौंदने का प्रयास किया था, आज भारत ने उसी स्वाभिमान को पुनः प्राप्त किया है और सोमनाथ का भव्य मंदिर हमारे नए और बढ़ते हुए राष्ट्रीय स्वाभिमान का प्रतीक बनकर खड़ा है। इसी बदले हुए भारत में आज देशभर के युवाओं को आगे बढ़ने के अधिक से अधिक अवसर मिल रहे हैं। श्री नवीन ने सभी युवा साथियों से आह्वान किया कि इस नए भारत में उन्हें भी आगे आना है और मिलकर काम करना है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सपना है, ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास’ और इसी भावना के साथ हम सभी को आगे बढ़ना है। श्री नितिन नवीन ने कहा कि ऐसे समय में, जब आज स्वामी विवेकानंद की जयंती मनाई जा रही है, यह स्पष्ट करना आवश्यक है कि कुछ पार्टियाँ जयंती को केवल औपचारिकता के रूप में मनाती हैं, जबकि भारतीय जनता पार्टी उनकी प्रेरणा से निरंतर कार्य करती है। हम स्वामी विवेकानंद की जयंती केवल एक दिन नहीं मनाते, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर पूरे वर्ष कार्य करते हैं। इसके विपरीत, कुछ लोग ऐसे भी हैं जो स्वामी विवेकानंद के विषयों पर चर्चा करना तक उचित नहीं समझते। भारतीय जनता पार्टी का यूथ विंग, भारतीय जनता युवा मोर्चा, हर वर्ष स्वामी विवेकानंद को प्रेरणा पुरुष मानते हुए उनकी जयंती भी मनाता है और पूरे साल युवाओं के बीच उनके विचारों और प्रेरणादायी संदेशों के साथ कार्य करता है। वे लोग, जिन्होंने राजनीति में हमेशा भारत को पीछे देखने का प्रयास किया, वे विदेश की धरती पर जाकर भारत के संविधान को गाली देते हैं और भारत को अपमानित करने का कार्य करते हैं। राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि 2011 में राष्ट्रीय एकता यात्रा निकाली गई थी। उस यात्रा के दौरान यह देखा गया था कि जब लाल किले से तिरंगे को लेकर लाल चौक की ओर बढ़ने का प्रयास किया गया, तो उस पर सवाल उठाए गए। उस समय यह स्थिति थी कि लाल किले पर तिरंगा फहराया जाता था, लेकिन लाल चौक पर पाकिस्तान का झंडा फहराए जाने की बात कही जाती थी। जब वर्ष 2011 में युवा मोर्चा ने लाल चौक पर तिरंगा फहराने का आंदोलनात्मक कार्यक्रम लिया, तब दिल्ली में बैठी तत्कालीन मनमोहन सिंह सरकार और वहाँ जम्मू-कश्मीर में उमर अब्दुल्ला की सरकार ने यह कहा था कि इससे कश्मीर में शांति भंग हो जाएगी। भारत के तिरंगे से शांति भंग होने की बात कही जाती थी। लेकिन आज उसी लाल चौक पर हमारे साथियों ने तिरंगा भी फहराया और कश्मीर की घाटी में शांति भी बनी हुई है। यही बदले हुए भारत की सच्ची तस्वीर है। एक समय था जब न्यूयॉर्क में भारत का तिरंगा न्यूयॉर्क टाइम्स पर लहराता हुआ दिखाई देता था, तो यह भी एक सपना लगता था कि वही तिरंगा लाल चौक पर भी फहराए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करिश्माई नेतृत्व के बाद आज लाल चौक भारत के तिरंगे से लहराता हुआ नजर आता है और यह दृश्य हर भारतीय को गर्व से भर देता है। जिस राम मंदिर के विषय को लेकर वर्षों तक लगातार रोकने का प्रयास किया गया और सनातन परंपराओं को चोट पहुँचाने की कोशिश हुई, आज यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक भव्य राम मंदिर का स्वरूप देश के सामने है। यह करोड़ों सनातन परंपराओं को शक्ति देने वाला विषय है, क्योंकि राम हमारे आदर्श पुरुष और मर्यादा पुरुष हैं, जिनके नेतृत्व और कार्यप्रणाली से हम सभी प्रेरणा लेकर आगे बढ़ते हैं। इसी कारण आज पूरे देश में उस भव्य राम मंदिर के निर्माण से करोड़ों लोगों का सपना साकार हुआ है। श्री नवीन ने कहा कि जब धारा 370 की समाप्ति की बात आती है, तो यह प्रश्न उठता है कि कांग्रेस के लोगों ने इतने वर्षों तक कश्मीर की जनता को आज़ादी से दूर क्यों रखा और ऐसे बंधनों में क्यों बाँधे रखा कि कश्मीर भारत से जुड़ न पाए। इसके लिए देश की सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद करते हैं, क्योंकि आज यदि कश्मीर खुली हवा में सांस ले पा रहा है तो वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व के बल पर संभव हुआ है। कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि यह समय नए भारत के निर्माण का है। 2047 तक विकसित हरियाणा और विकसित भारत का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। इसमें हम सभी को सक्रिय योगदान देना है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर कदम आगे बढ़ाना है, ताकि भारत और हरियाणा के विकास में अपनी भूमिका निभाई जा सके। श्री नवीन ने आह्वान किया कि स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर सभी युवा संकल्प लें कि अपने प्रेरणा पुरुष की जयंती पर हम सब मिलकर देश के विकास में योगदान देंगे, देश की पवित्र मिट्टी को नमन करते हुए आगे बढ़ेंगे और भारत को विश्वगुरु बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास करेंगे। ईएमएस / 12 जनवरी, 2026