राज्य
12-Jan-2026


:: फील्ड मार्शल के.एम. करियप्पा की सेवाओं को किया जाएगा याद; समस्याओं के निराकरण के लिए लगेगा शिविर :: इन्दौर (ईएमएस)। भारतीय सेना के प्रथम कमांडर-इन-चीफ फील्ड मार्शल के.एम. करियप्पा के सम्मान और उनकी गौरवशाली सेवाओं की स्मृति में आगामी 14 जनवरी को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में वेटरंस डे (पूर्व सैनिक दिवस) का आयोजन किया जाएगा। जयरामपुर कॉलोनी स्थित कार्यालय परिसर में सुबह 11 बजे होने वाले इस समारोह में वयोवृद्ध पूर्व सैनिकों और वीर नारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमांडर नगेश चन्द्र मालवीय (सेवानिवृत्त) ने बताया कि यह दिवस फील्ड मार्शल के.एम. करियप्पा की शानदार सेवाओं की याद में मनाया जाता है। उन्होंने 1947 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारतीय सेना का सफल नेतृत्व किया था। 14 जनवरी 1953 को उनके सेवानिवृत्त होने के उपलक्ष्य में प्रतिवर्ष यह दिन पूर्व सैनिकों के त्याग और समर्पण को समर्पित किया जाता है। समारोह के दौरान पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, विधवाओं और उनके आश्रितों की शिकायतों व समस्याओं के निराकरण के लिए विशेष सत्र आयोजित होगा। साथ ही शासन द्वारा पूर्व सैनिकों के हित में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। कमांडर मालवीय ने क्षेत्र के समस्त पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों से आग्रह किया है कि वे बुधवार, 14 जनवरी को प्रातः 10:45 बजे जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में उपस्थित होकर इस आयोजन का लाभ लें। कार्यक्रम का उद्देश्य सेवानिवृत्त सैनिकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना और उन्हें समाज की मुख्यधारा में सम्मान दिलाना है। प्रकाश/12 जनवरी 2026