बिलासपुर (ईएमएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर शांति नगर बस्ती में हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्र सेविका समिति की अखिल भारतीय सह कार्यवाहिका सुश्री सुलभा ताई देशपांडे, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक एवं कार्यालय प्रमुखमहावीर सिंह, तथा आचार्य सौरभ टिकेकर ने प्रमुख वक्ता के रूप में अपने विचार व्यक्त किए। सुश्री सुलभा ताई देशपांडे ने अपने उद्बोधन में हिंदू संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में संघ की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 100 वर्ष पूर्व परम पूजनीय डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार द्वारा स्थापित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आज भी राष्ट्र जागरण के कार्य में सतत सक्रिय है। संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित यह हिंदू सम्मेलन समाज को एकजुट करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने समाज में मातृशक्ति की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए उसके योगदान को रेखांकित किया। आचार्य सौरभ टिकेकर ने हिंदू शब्द की परिभाषा प्रस्तुत करते हुए कहा कि हिंदू शब्द सत्य, सनातन और राष्ट्र भावना का परिचायक है। यह संपूर्ण भारतीय आध्यात्मिक ज्ञान परंपरा और राष्ट्र जीवन का प्रतीक है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे गर्व के साथ स्वयं को हिंदू के रूप में प्रस्तुत करें। श्री महावीर सिंह ने अपने उद्बोधन में संघ शताब्दी वर्ष के मुख्य संदेश पांच परिवर्तन पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्वदेशी, स्वर का बोध, कुटुंब प्रबोधन सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि समाज को भोजन, भजन, भूषा, भाषा, भ्रमण और भवन—इन छह विषयों में स्वदेशी भाव अपनाना चाहिए। उन्होंने सामाजिक समरसता और सद्भाव को सशक्त करने पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम के दौरान कॉलोनी के बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं ग्रो अप स्कूल, उसलापुर के बच्चों ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। इस अवसर पर शांति नगर एवं आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. योगेश गुप्ता, सूर्य कमल मिश्रा, सुमित अस्थाना, रोहित भांगे, संदीप शुक्ला, दिनेश स्वर्णकार, संजय सिंह ठाकुर, सचिन पांडे, चंद्रमा द्विवेदी, देवकरण साह, सुनील चौहान, शैलेश शुक्ला, आभा शुक्ला, नम्रता शुक्ला, सविता भांगे, निधि अवस्थी सहित अनेक कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन सुनील चौहान ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संदीप शुक्ला द्वारा किया गया। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 13 जनवरी 2026