क्षेत्रीय
13-Jan-2026
...


राजनांदगांव (ईएमएस)। राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा संस्कारधानी राजनांदगांव में स्वामी विवेकानंद चौक में, स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा के समीप एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 5000 दीप प्रज्वलित कर युवाओं ने राष्ट्रसेवा, आत्मनिर्भरता एवं सामाजिक दायित्व का संकल्प लिया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुई। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं नगरवासियों की उपस्थिति में 5000 दीपों की प्रकाशमय श्रृंखला से संपूर्ण चौक आलोकित हो उठा। दीपों की यह रोशनी स्वामी विवेकानंद के विचारों, युवाशक्ति एवं राष्ट्रभक्ति की भावना का प्रतीक बनी। कार्यक्रम में अभाविप के स्थाई कार्यकर्ता कोमल सिंह राजपूत जी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवाओं को आत्मविश्वास, साहस और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। आज का युवा यदि चरित्र, अनुशासन और सेवा भाव को अपनाए, तो राष्ट्र का भविष्य सशक्त बन सकता है। उन्होंने युवाओं से संगठित होकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर अभाविप के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं स्थाई कार्यकर्ता श्री विष्णु साव भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। नगर मंत्री अक्षत कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रीय युवा दिवस युवाओं में आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम को जागृत करने का पर्व है। 5000 दीपों का यह आयोजन इस बात का प्रतीक है कि जब युवा अपने भीतर सेवा और संस्कार का दीप जलाते हैं, तब समाज सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ता है। जिला संयोजक धनंजय पांडेय ने कहा कि एबीवीपी युवाओं को राष्ट्रनिर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज के युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं और इन्हीं विचारों के माध्यम से संगठन युवाओं को सही दिशा प्रदान करता है। कार्यक्रम के समय संस्कार ठाकुर, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जीत प्रजापति,प्रतीक गढ़वाल, नगर सह मंत्री सुश्री निकिता श्रीरंगें, भूपेंद्र पाल, नगर महाविद्यालय प्रमुख जीत शर्मा, सह प्रमुख वेणुका, नगर SFD प्रमुख कुलदीप पाल, नगर SFS प्रमुख चैतन्या द्विवेदी, राष्ट्रीय कलामंच प्रमुख युक्ता मंडावी, सह प्रमुख प्रिया , मोहित साहू ,आलोक,मितेश,भावेश पवार,सहित दिग्विजय महाविद्यालय, शिवनाथ साइंस महाविद्यालय, कमला कॉलेज एवं एसटी हॉस्टल राजनांदगांव के विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आयोजन में शनि धाम समिति का सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे व्यवस्थाएँ सुचारु रूप से संपन्न हो सकीं। अंत में सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनकर स्मरणीय रहा।