बड़वानी/सेंधवा। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई ) ने लोन धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। सीबीआई की टीम ने सेंधवा क्षेत्र में कुल 6 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई करोड़ों रुपये के बैंक लोन फ्रॉड की जांच के तहत की गई है, जिसमें पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। सूत्रों के अनुसार, सीबीआई की 16 अधिकारियों की टीम ने निमाड़ एग्रो पार्क और उससे जुड़े लोगों के परिसरों पर दस्तक दी। जांच के दायरे में निमाड़ एग्रो पार्क के मालिक निकुंज तायल और उनके पिता गिरधारी तायल शामिल हैं। सीबीआई की टीम दोनों को लेकर सेंधवा स्थित निमाड़ एग्रो पार्क के कार्यालय पहुंची, जहां दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। इस मामले में जोशी परिवार भी जांच के घेरे में है। सीबीआई की पड़ताल जोशी बंधुओं से जुड़े गुजरात स्थित ठिकानों और तायल बंधुओं के सेंधवा के पास स्थित जामली फूड पार्क से जुड़े लेन-देन पर केंद्रित है। आशंका है कि बैंकों से लिए गए लोन का उपयोग निर्धारित उद्देश्यों के बजाय अन्य कार्यों में किया गया, जिससे बैंकों को भारी वित्तीय नुकसान हुआ। सीबीआई ने फिलहाल मीडिया से बातचीत में केवल इतना कहा है कि मामला जांच के अधीन है और सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। एजेंसी यह भी पता लगा रही है कि लोन स्वीकृति के दौरान दस्तावेजों में किसी प्रकार की हेराफेरी हुई या नहीं, तथा फंड डायवर्जन की भूमिका किन-किन लोगों की रही। स्थानीय स्तर पर इस कार्रवाई से हलचल मच गई है।