नई दिल्ली (ईएमएस)। भारत की सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन ने इक्वाडोर से 20 लाख बैरल कच्चा तेल खरीदा है। यह सप्लाई मार्च के अंत तक मिलने की उम्मीद है। यह इक्वाडोर के ओरिएंटे ग्रेड के कच्चे तेल की भारत को पहली खेप है। माना जा रहा है कि आने वाले महीनों में भारत इस देश से और भी तेल खरीद सकता है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन रूसी तेल की घटती उपलब्धता की भरपाई के लिए अपने सोर्स बेस को तेजी से डायवर्सिफाई कर रही है। रूस पर प्रतिबंध, ईरान के साथ बढ़ती तनातनी और वेनेजुएला को लेकर अमेरिका के सख्त रुख के चलते हाल के हफ्तों में कच्चे तेल की वैश्विक सप्लाई पर दबाव बढ़ा है। इन हालात में भारत ने सस्ते और सुरक्षित तेल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए अपने स्रोतों में बड़ा बदलाव किया है। अब भारत किसी एक या दो देशों पर निर्भर नहीं रहना चाहता। इसी रणनीति के तहत भारत ने 50 से ज्यादा देशों के साथ कच्चे तेल की डील की है। खुद पेट्रोलियम मंत्री भी पहले इस बात की जानकारी दे चुके हैं। बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी तेजी देखी गई है। सुबोध/१४-०१-२०२६