- मौसम विभाग में लगी 151 वीं प्रदर्शनी जबलपुर (ईएमएस)। मौसम विज्ञान विभाग की 151 वीं वर्षगांठ पर गुरुवार को आधारताल स्थित मौसम कार्यालय में प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विभाग के मौसम विज्ञानियों ने आमजनों के साथ ही छात्र छात्राओं को मौसम की गणना की सूक्ष्म जानकारी प्रदान की गई। मौसम विज्ञान वेधशाला के प्रभारी अधिकारी देवेंद्र कुमार तिवारी ने इस संबंध में बताया कि 151वीं जयंती के अवसर पर आज मौसम वेधशाला में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिसके तहत पूरे परिसर की स्वच्छता के साथ रंगोली सजाई गई थी, प्रदर्शनी भी लगाई गई। सुबह विभाग के सारे वैज्ञानिक और कर्मचारी परिजनों सहित उपस्थित हुए। प्रदर्शनी में मौसमी गणना यंत्रों को रखा गया था। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह और स्टूडेंट को विशेषज्ञ मौसम अधिकारियों ने विविध उपकरणों के माध्यम से बताया कि, मौसमी डाटा किस तरह एकत्रित किया जाता है। रेडियो साउंड, रेडियो वेव, हवाई जहाज के लिए आपेक्षित तापमान, हवा की दिशा आदि की जानकारी उपलब्ध कराने की विधि भी बताई। हवा का दाब मापने एयर बलून में इंस्ट्रूमेंट लगाकर छोड़ने का भी प्रदर्शन किया गया। इसी के साथ पश्चिमी विक्षोभ (डब्ल्यूडी), चक्रवात, कमदबाव, मावठा, दक्षिण- पश्चिमी मानसून क्या है, ये कैसे बनते हैं, मौसम पूर्वानुमान कैसे तैयार किया जाता है आदि जिज्ञासाओं पर भी जानकारी उपलब्ध करवाई गई। इस अवसर पर कृषि मौसम वैज्ञानिक मनीष भान, पूर्व प्रभारी अधिकारी एके वर्मा, मौसम वैज्ञानिक बीजे जैकब, अनीता सिंह प्राचार्य सांदीपनि विद्यालय अधारताल, अंजू ताम्रकार सहित विभाग के समस्त मौसम वैज्ञानिक, विभागीय कर्मी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अजय पाठक / मोनिका / 15 जनवरी 2026