देवरी/सागर (ईएमएस)। महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलैया दुबे में खेत की सिंचाई के दौरान एक किसान पर भालू ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर रात करीब 9:30 बजे जिला चिकित्सालय के लिए रेफर किया गया। घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार ग्राम सलैया दुबे दक्षिण वन मंडल के जंगल से लगा हुआ है। गांव निवासी भगवान दास गौड़ (52 वर्ष), पिता जगदीश गौड़, खेत में सिंचाई करने गया था। इसी दौरान झाड़ियों की आड़ में छिपे एक भालू ने अचानक उस पर हमला कर दिया। किसान ने कुछ देर तक भालू से संघर्ष किया, लेकिन भालू ने अपने जबड़ों से किसान का बायां हाथ बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। भालू के हमले से किसान के शरीर पर कई जगह गहरे जख्म आए हैं। घायल किसान के अनुसार, शोर मचाने पर भालू खेत से भाग गया। इसके बाद परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी लेकर पहुंचे, जहां से 108 एंबुलेंस के माध्यम से जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू की गतिविधियों पर निगरानी रखने की मांग की है। निखिल सोधिया/ईएमएस/15/01/2026