राष्ट्रीय
15-Jan-2026


एग्जिट पोल: बीएमसी से बाहर होगी उद्धव ठाकरे की शिवसेना, भाजपा गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मुंबई (ईएमएस)। महाराष्ट्र में मुंबई समेत राज्य की 29 नगर निगमों के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वोटिंग शाम 5.30 बजे खत्म हुई। सबकी नजर इस बात पर है कि मुंबई का किंग कौन होगा? शुक्रवार को इसकी तस्वीर साफ हो जाएगी। उधर, मतदान के बाद गुरूवार को आए एग्जिट पोल के अनुसार, उद्धव ठाकरे की शिवसेना बीएमसी से बाहर होगी। वहीं,भाजपा और उनके सहयोगियों को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। मुंबई के साथ-साथ ठाणे, नवी मुंबई, उल्हासनगर, कल्याण-डोंबिवली, भिवंडी-निजामपुर, मीरा-भायंदर, वसई-विरार, पनवेल, नासिक, मालेगाव, अहिल्यानगर, जलगाव, धुले, पुणे, पिंपरी-चिंचवड, सोलापुर, कोल्हापुर, इचलकरंजी, सांगली-मिराज-कुपवाड, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़-वाघाला, परभणी, जालना, लातूर, अमरावती, अकोला, नागपुर और चंद्रपुर नगर निगमों में भी वोटिंग हुई। बृहन्मुंबई महानगरपालिका के 227 वार्डों के लिए इस बार 1,700 उम्मीदवार मैदान में थे। नतीजों की घोषणा शुक्रवार को होगी। सुबह 10 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। 227 सीटों वाली बीएमसी में मुख्य मुकाबला बीजेपी-शिवसेना की महायुति और ठाकरे बंधुओं के गठबंधन के बीच है। साल 2022 में शिवसेना के विभाजन के बाद यह पहला बीएमसी चुनाव है, ऐसे में यह और भी विशेष हो जाता है। अविभाजित शिवसेना ने बीएमसी पर 25 वर्ष तक शासन किया है। बीएमसी के बाद पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ पर सबसे ज्यादा नजर रहेगी। यहां एनसीपी के दोनों गुटों ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा। बृहन्मुंबई नगर निगम के एग्जिट पोल में भाजपा गठबंधन को बहुमत मिलने का अनुमान है। भाजपा और एकनाथ शिंदे की शिवेसना को 130 से 150 सीटें मिल सकती हैं। बहुमत के लिए 114 की जरूरत है। वहीं कांग्रेस गठबंधन को 60 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य के खाते में 5 से 7 सीटें आ सकती हैं। हालांकि नतीजे शुक्रवार को आएंगे। मुंबई नगर निगम का बजट गोवा, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा के बजट से भी बड़ा है। एक्सिस माय इंडिया का एग्जिट पोल सबसे पहले एक्सिस माय इंडिया के एग्जिट पोल की बात करें तो भाजपा+ को 131 से 151 सीटें मिल सकती हैं। शिवसेना यूबीटी+ को 58-68 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस+ 12-16 मिल सकती हैं। इसके साथ ही अन्य के खाते में भी 6-12 सीटें जा सकती हैं। डीवी रिसर्च का एग्जिट पोल अब बात अगर डीवी रिसर्च के एग्जिट पोल की करें तो इसके मुताबिक, भाजपा की अगुआई वाली महायुति को 107 से 122 सीटें मिल सकती हैं। ठाकरे बंधुओं के गठबंधन को 68 से 83 सीटें मिलने की संभावना है। कांग्रेस और वंचित बहुजन अघाड़ी को 18 से 25 सीटें मिल सकती है। एनसीपी अजित पवार को 2 से 4 सीटें मिलती दिख रही हैं। वहीं अन्य के खाते में 8 से 15 सीटें मिलने की संभावना है। जेवीसी का एग्जिट पोल जेवीसी के एग्जिट पोल में भी कुछ ऐसी ही स्थिति दिखी। जहां भाजपा की अगुआई वाली महायुति को 138 सीटें, ठाकरे बंधुओं के गठबंधन को 23 और अन्य को सात सीटे मिलनी संभावना जताई गई है।