राष्ट्रीय
16-Jan-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया का आधिकारिक कार्यक्रम जारी किया है। बीजेपी पार्टी के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया 19 जनवरी 2026 को पूरी की जाएगी, जबकि 20 जनवरी 2026 को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा होगी। यह चुनावी प्रक्रिया पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए नेतृत्व को तैयार करने की दिशा में अहम मानी जा रही है। कार्यक्रम के अनुसार, सोमवार (माघ शुक्ल प्रतिपदा, संवत 2082) को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकते है। इसके तुरंत बाद शाम 4 बजे से 5 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, ताकि सभी दस्तावेजों की वैधता सुनिश्चित हो सके। इसके बाद शाम 5 बजे से 6 बजे तक नामांकन वापस लेने का समय निर्धारित किया गया है। इसी दिन शाम 6:30 बजे राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी की ओर से प्रेस वक्तव्य जारी होगा, जिसमें चुनाव प्रक्रिया की स्थिति और आगे की कार्यवाही की जानकारी दी जाएगी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यदि अध्यक्ष पद के लिए एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में होते हैं और नामांकन वापस नहीं लिए जाते हैं, तब 20 जनवरी 2026 (माघ शुक्ल द्वितीया) को मतदान होगा। मतदान और आधिकारिक घोषणा का समय सुबह 11:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक रखा गया है। हालांकि, यदि केवल एक ही उम्मीदवार मैदान में रहता है,तब उसी दिन सर्वसम्मति से उनके नाम की घोषणा होगी। बीजेपी के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, अध्यक्ष पद के लिए संभावित नामों को लेकर चर्चाएं पहले से ही शुरू हो चुकी हैं, हालांकि पार्टी नेतृत्व ने फिलहाल किसी भी नाम पर आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। माना जा रहा है कि संगठनात्मक अनुभव, क्षेत्रीय संतुलन और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए नेतृत्व का चयन होगा। आशीष दुबे / 16 जनवरी 2026