:: कथित अल्पायु होने की खबरों को जोड़े ने किया खारिज; कहा - केरल में ही बसना चाहती हूँ :: तिरुवनंतपुरम/इंदौर (ईएमएस)। पिछले वर्ष प्रयागराज कुंभ मेले के दौरान रुद्राक्ष की माला बेचते हुए सोशल मीडिया पर रातों-रात मशहूर हुई इंदौर की मोनालिसा भोंसले सुर्खियों में हैं। मोनालिसा ने एक मुस्लिम युवक के साथ विवाह कर लिया है और अब वे केरल में ही रहने की इच्छा जाहिर कर रही हैं। यह विवाह बुधवार को तिरुवनंतपुरम के पास पुवार के नयनार मंदिर में संपन्न हुआ, जिसमें केरल के शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी, माकपा राज्य सचिव एम.वी. गोविंदन और राज्यसभा सांसद ए.ए. रहीम सहित कई वामपंथी नेता उपस्थित रहे। शादी के बाद मोनालिसा के अल्पायु (नाबालिग) होने की खबरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगीं, जिसे जोड़े ने सिरे से खारिज किया है। 18 वर्षीय मोनालिसा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि ये खबरें पूरी तरह गलत और आधारहीन हैं। उनके पति ने भी स्पष्ट किया कि उनका विवाह कानूनी रूप से पंजीकृत है, जो बिना कानूनी उम्र पूरी किए संभव नहीं था। उन्होंने लोगों से ऐसी भ्रामक जानकारियों पर विश्वास न करने की अपील की। मोनालिसा के अनुसार, उनका परिवार उनके इस रिश्ते के खिलाफ था और उन पर जबरन किसी और से शादी करने का दबाव बनाया जा रहा था। बुधवार को जोड़ा थंपनूर पुलिस स्टेशन भी पहुंचा था, जहां उन्होंने आरोप लगाया कि मोनालिसा के पिता उन्हें जबरन इंदौर वापस ले जाने की कोशिश कर रहे थे। गौरतलब है कि यह जोड़ा हाल ही में एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में केरल पहुंचा था। जब मीडिया ने उनसे पूछा कि क्या वे भविष्य में केरल में ही रहेंगे, तो मोनालिसा ने उत्साहपूर्वक कहा कि उन्हें केरल बेहद पसंद है और वे यहीं रहना चाहती हैं। उनके पति ने बताया कि दोनों की मुलाकात छह महीने पहले एक फिल्म की कास्टिंग के दौरान हुई थी और वहीं उन्हें प्यार हो गया। मोनालिसा ने बताया कि उनकी एक फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है, जबकि दूसरी पर काम अभी जारी है। कुंभ मेले में अपनी सादगी के लिए जानी जाने वाली मोनालिसा का यह नया सफर अब चर्चा का केंद्र बना हुआ है। प्रकाश/12 मार्च 2025