राष्ट्रीय
16-Jan-2026


नई दिल्ली(ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के इतिहास में पहली बार ऐसा होने जा रहा है, जब पार्टी अध्यक्ष के चुनाव में वरिष्ठ नेता और संस्थापक सदस्यों में शामिल लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी का नाम मतदाता सूची में नहीं होगा। बीजेपी ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है, जिसके तहत देश भर से कुल 5708 निर्वाचक इस प्रक्रिया में शामिल होंगे। आवश्यकता पड़ने पर 20 जनवरी को मतदान कराया जाएगा। भाजपा की परंपरा रही है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव आम राय से होता है। इसी परंपरा के तहत इस बार भी चुनाव औपचारिक माना जा रहा है और नितिन नबीन का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जाना लगभग तय समझा जा रहा है। हालांकि इस चुनाव से जुड़ा एक तथ्य राजनीतिक और संगठनात्मक दृष्टि से खास माना जा रहा है। पार्टी की स्थापना वर्ष 1980 के बाद से यह पहली बार है, जब लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन मंडल का हिस्सा नहीं हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव का कार्यक्रम घोषित, 5708 मतदाता करेंगे फैसला भाजपा संविधान के अनुसार राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले संगठनात्मक चुनावों की एक तय प्रक्रिया होती है। सबसे पहले बूथ स्तर पर अध्यक्ष चुने जाते हैं, इसके बाद मंडल, जिला और फिर प्रदेश स्तर पर संगठन चुनाव होते हैं। इन सभी चरणों के पूरा होने के बाद ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए निर्वाचन मंडल का गठन किया जाता है। इस निर्वाचन मंडल में राष्ट्रीय परिषद और प्रदेश परिषदों के सदस्य शामिल होते हैं। ईएमएस/ 16 जनवरी, 2026