राज्य
17-Jan-2026
...


- हिमंत सरकार देश की सबसे भ्रष्ट : भूपेश बघेल रायपुर(ईएमएस)। असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दिल्ली दौरे से लौटने के बाद भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व वाली सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट सरकार करार देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस मजबूती से मुकाबला करेगी। मीडिया से बातचीत में भूपेश बघेल ने बताया कि दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के साथ असम चुनाव को लेकर विस्तृत चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि 20 तारीख को गुवाहाटी में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी, जबकि 21 से 28 तारीख तक जोनल कार्यकर्ता सम्मेलन होंगे। परिवारवाद के आरोपों पर पलटवार करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा में आंतरिक लोकतंत्र नहीं है, बल्कि तानाशाही व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एक मजदूर के पुत्र हैं, जिन्होंने ब्लॉक अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर तय किया, जबकि भाजपा में हाल ही में बने कार्यकारी अध्यक्ष किस प्रक्रिया से चुने गए, यह स्पष्ट नहीं है। बीजापुर में विस्थापितों के घरों पर बुलडोजर चलाने के मामले में भी भूपेश बघेल ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि ये लोग नक्सली हिंसा के डर से अपना घर-बार छोड़कर आए थे। ऐसे लोगों के घरों को तोड़ना अमानवीयता की पराकाष्ठा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चाहती तो इनका पुनर्वास कर सकती थी, लेकिन मौजूदा शासन में संवेदनशीलता का अभाव है और प्रदेश में अधिकारी राज हावी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)17 जनवरी 2026