राष्ट्रीय
18-Jan-2026


नई दिल्ली,(ईएमएस)। उत्तर भारत के एक बड़े हिस्से में कड़ाके की सर्दी का प्रकोप लगातार गहराता जा रहा है, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है। कई मैदानी इलाकों में सुबह के समय न्यूनतम तापमान गिरकर 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आगामी दिनों के लिए घने से बहुत घने कोहरे, शीतलहर और पहाड़ी राज्यों में बारिश के साथ भारी बर्फबारी की गंभीर चेतावनी जारी की है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, उत्तर, पूर्व और मध्य भारत के कई राज्यों में मौसम की यह प्रतिकूल स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। मौसम विभाग के नवीनतम पूर्वानुमान के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के अधिकांश हिस्सों में सुबह और रात के समय बहुत घना कोहरा छाने की संभावना है, जिससे दृश्यता शून्य तक गिर सकती है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में भी कोहरे का व्यापक असर देखने को मिलेगा। इसके अतिरिक्त जम्मू संभाग, उत्तराखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर के असम व मेघालय में भी कोहरे की चादर छाई रहेगी, जिससे रेल और सड़क यातायात पर बुरा असर पड़ने की आशंका है। विभाग ने उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्सों में कोल्ड डे (शीत दिवस) की स्थिति बनने की चेतावनी दी है, जहाँ दिन का तापमान सामान्य से काफी नीचे रहेगा। वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर चलने की संभावना है। पहाड़ी राज्यों की बात करें तो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी शुरू हो गई है। आने वाले समय में इन क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर हिमपात होने के आसार हैं, जिसका असर मैदानी इलाकों के तापमान पर भी पड़ेगा। पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मैदानी भागों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में ठंड का कहर बरकरार है। यहाँ न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है, जो सामान्य से करीब 3 डिग्री कम है। शनिवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री रहा, जिसके बाद मौसम विभाग ने रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और मध्यम से घना कोहरा छाने का अनुमान है। हालांकि, राहत की बात यह है कि अगले दो दिनों के बाद उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे हाड़ कंपाने वाली ठंड से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल, पूर्वी भारत में तापमान स्थिर रहेगा, लेकिन अगले चार दिनों में वहां भी पारा धीरे-धीरे चढ़ना शुरू होगा। तब तक, पहाड़ी और मैदानी इलाकों में मौसम की मार और कोहरे की चुनौती बनी रहेगी। वीरेंद्र/ईएमएस/18जनवरी2026