- होटल से टकराने से पहले टली बड़ी अनहोनी कोरबा (ईएमएस) कोरबा-कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-130 में रात्री लगभग 11 बजे एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जल्के से गिट्टी लोड कर जा रहा एक हाईवा ग्राम गुरसिया के पास अचानक अनियंत्रित हो सड़क किनारे जाकर पलट गया। घटना के समय हालात इतने गंभीर हो गए कि हाईवा सीधे वहा संचालित एक होटल की ओर बढ़ता नजर आया, जिससे वहां उपस्थित लोगों में दहशत फैल गई। हाईवा होटल या आसपास के मकानों से टकराने से पहले ही रुक गया। इस कारण होटल और मकान को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। होटल में मौजूद कर्मचारी और घर में रह रहे लोग बाल-बाल बच गए। यदि वाहन टकरा जाता तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। दुर्घटना में हाईवा चालक को अंदरूनी चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घटना के बाद कुछ समय तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। बताया जा रहा हैं कि हाईवा चालक सामने से आ रहे ट्रैक्टर और बोलेरो वाहन को बचाने का प्रयास कर रहा था, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति को संभाला गया और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ। गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली। 19 जनवरी / मित्तल