क्षेत्रीय
19-Jan-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस)। थाना जसराना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उप डाकघर पाढ़म में 1 करोड़ 11 लाख 85 हजार रुपये के वित्तीय गबन के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अवधेश सिंह के रूप में हुई है, जो उप डाकघर पाढ़म में तत्कालीन उपडाकपाल के पद पर तैनात था। पुलिस मीडिया सेल के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी जसराना के नेतृत्व में थाना जसराना पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर अभियुक्त को पाढ़म बस अड्डा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, इस संबंध में डाक निरीक्षक शिकोहाबाद द्वारा 17 जनवरी 2026 को थाना जसराना में तहरीर देकर बताया गया था कि अभियुक्त अवधेश सिंह ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए उप डाकघर पाढ़म में भारी धनराशि का गबन किया। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण: नाम: अवधेश सिंह पिता का नाम: सूबेदार सिंह पता: मोहल्ला वंशी गौरी, थाना कोतवाली, जनपद मैनपुरी पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है।