ग्वालियर (ईएमएस)। ग्वालियर जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हिट एंड रन की घटना सामने आई, जिसमें एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने स्कूटी सवार 65 वर्षीय बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद कंटेनर चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा सिरोल थाना क्षेत्र अंतर्गत दिल्ली-झांसी हाईवे पर मेहरा टोल के पास हुआ। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कंटेनर चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। स्कूटी को टक्कर मारने के बाद भी उसने न तो ब्रेक लगाया और न ही पीछे मुड़कर देखा, बल्कि सीधे मौके से भाग निकला। मृतक की पहचान मोहनपुर निवासी बलबीर यादव (65) के रूप में हुई है। वे मोहनपुर में चाय-नाश्ते की दुकान चलाते थे और रोज की तरह बाजार से दुकान का सामान खरीदकर स्कूटी से लौट रहे थे। इसी दौरान लापरवाह कंटेनर चालक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बलबीर यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कंटेनर और उसके चालक की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक आरोपी चालक पुलिस की पकड़ से बाहर है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि हाईवे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।