राष्ट्रीय
20-Jan-2026


हल्दवानी,(ईएमएस)। उत्तराखंड के हल्दवानी स्थित ट्रेंचिग ग्राउंड के पास देर रात डंपर ने पीछे से कार को बुरी तरह कुचल दिया। कार के पीछे बैठे गोल्फ कोर्स कर्मी पंकज कुमार के सिर के पीछे बुरी तरह चोट लग गई। आगे बैठे दोनों कर्मी भी घायल हुए हैं। पुलिस के अनुसार, नैनीताल राजभवन के गोल्फ कोर्स में तैनात तीन कर्मी पंकज कुमार आर्या, टीकम बाल्मीकि व पंकज पालीवाल दिल्ली में गोल्फ का सामान लेने नैनीताल से निकले थे। तभी काठगोदाम बायपास से होकर वे दिल्ली के लिए निकल रहे थे। कार पंकज चला रहा था। उसके बगल में टीकम बाल्मीकि बैठा था और पीछे पंकज आर्या बैठा था। रात 12.10 बजे ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने कार को टक्कर मार दी। बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई कार में तीन लोग घायल हो गए। आनन फानन में तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने पंकज आर्या को मृत घोषित किया। दोनों घायलों की स्थिति को गंभीर देकर उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां दोनों कर्मियों को निजी अस्पताल में भर्ती कर दिया है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। इधर, मृतक अपने पीछे पत्नी व दो जुड़वा बेटे छोड़ गए हैं। जबकि मृतक के दो छोटे भाई भी हैं। आशीष दुबे / 20 जनवरी 2026