बिलासपुर (ईएमएस)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन को आज सर्वसम्मति से भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की आधिकारिक घोषणा की गई। कुछ दिन पूर्व ही उन्हें पार्टी नेतृत्व द्वारा कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोनीत किया गया था, जिसके बाद आज प्रात: उनके नाम पर औपचारिक मुहर लगी।इस ऐतिहासिक घोषणा के बाद बिलासपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। जिला अध्यक्ष दीपक सिंह ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय पहुंचे और ढोल-बाजे, गाजे के साथ झंडे लहराते हुए खुशियां मनाईं। कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की, आतिशबाजी की गई और मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दी गईं। उल्लेखनीय है कि नितिन नवीन हाल ही में सम्पन्न बिहार विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत से विजयी हुए हैं। इसके बाद उन्हें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में लोक निर्माण विभाग का कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इससे पूर्व भी वे बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ के प्रभारी संगठन मंत्री के रूप में भी कार्य कर चुके हैं और लंबे समय तक उन्हें छत्तीसगढ़ संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इस दौरान उनका बिलासपुर सहित प्रदेशभर में निरंतर आना-जाना रहा। भाजपा कार्यालय में आयोजित उत्सव के दौरान नगर निगम सभापति विनोद सोनी, अजीत भोगल, के.के. शर्मा, दुर्गेश पांडेय, हरि गुरुंग, अशोक मिथुन, राहुल सिंह, अनिल सिंह चौहान, अमित सिंह, मोनू रजक, नितिन छाबड़ा, संतोष सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि नितिन नवीन के नेतृत्व में भाजपा संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा देशभर में पार्टी को नई दिशा मिलेगी। मनोज राज/योगेश विश्वकर्मा 21 जनवरी 2026