अंतर्राष्ट्रीय
21-Jan-2026


टोकियो(ईएमएस)। जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या करने वाले आरोपी को अदालत ने बुधवार को उम्रकैद की सजा सुनाई। 8 जुलाई 2022 को नारा शहर में चुनाव प्रचार के दौरान शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सरकारी वकील ने अदालत में कहा कि आरोपी तेत्सुया यामागामी का अपराध बेहद गंभीर है और इसके लिए सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए। वहीं यामागामी की ओर से बचाव पक्ष ने दलील दी कि वह धार्मिक शोषण का शिकार था। उसके वकीलों ने बताया कि यामागामी की मां यूनिफिकेशन चर्च से जुड़ी थीं और उसी वजह से परिवार भारी कर्ज में डूब गया था। यामागामी ने अदालत में बताया कि शुरू में उसका इरादा चर्च से जुड़े अधिकारियों पर हमला करने का था। लेकिन साल 2021 में उसने शिंजो आबे का एक वीडियो देखा, जिसमें आबे का उस चर्च से जुड़ाव दिखाया गया था। इसके बाद उसने आबे को ही निशाना बनाने का फैसला किया। विनोद उपाध्याय / 21 जनवरी, 2026