राष्ट्रीय
22-Jan-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। देश के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद अब बारिश-ओलावृष्टि का दौर शुरू होने की चेतावनी दी गई है। गुरुवार से राजस्थान, हिमाचल और पंजाब-हरियाणा में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो रहा है। यूपी के 15, राजस्थान और हरियाणा के 6-6 जिलों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर ओले गिरने की चेतावनी भी गई है। हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में गुरुवार बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट है। उत्तराखंड के 5 जिलों में आज और शुक्रवार को बर्फबारी का अलर्ट है। फिलहाल यहां पारा माइनस में चल रहा है। चमौली के वाण गांव में झरना जमा हुआ दिखाई दिया। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में अगले 7 दिनों में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं। इससे 9 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम और बिगड़ सकता है। पश्चिमी विक्षोभ या वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, पश्चिम से आने वाली हवा और बादलों का एक सिस्टम होता है। इसके सक्रिय होने से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, मैदानी क्षेत्रों में बारिश होगी। तापमान में गिरावट आएगी, साथ ही पाला पड़ने और कोल्डवेव के हालात बन सकते हैं। जहां 23 जनवरी को उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव रहेगा। अधिकांश इलाकों में बादल छाए रहने वाले है। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं (30-50 किमी/घंटा) चल सकती हैं। बारिश और बादलों के चलते दिन के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जबकि सुबह-शाम ठंड बनी रहेगी। 24 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ का असर धीरे-धीरे कमजोर पड़ेगा, लेकिन उत्तर भारत में मौसम अभी पूरी तरह साफ नहीं होगा। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में हल्की गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। बारिश की गतिविधियों में कमी आने के बाद सर्द हवाओं के कारण सर्दी का असर बढ़ सकता है। आशीष दुबे / 22 जनवरी 2026