- योजनाओं और भविष्य की दृष्टि पर फोकस गुना (ईएमएस)। आम नागरिकों को केंद्र सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों और भविष्य की विकास दृष्टि से रूबरू कराने के उद्देश्य से शहर में दो दिवसीय प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। यह प्रदर्शनी स्थानीय उत्कृष्ट हायर सेकेंडरी स्कूल परिसर में केंद्रीय संचार ब्यूरो के तत्वावधान में आयोजित की गई है, जो 23 जनवरी तक आमजन के लिए खुली रहेगी। प्रदर्शनी में विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को केंद्र में रखते हुए विभिन्न सरकारी योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभों को सरल माध्यम से प्रस्तुत किया गया है। प्रदर्शनी का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता और कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद फीता काटकर औपचारिक रूप से प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। उद्घाटन अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार, सांसद प्रतिनिधि हरिसिंह यादव सहित प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। आयोजक संस्था द्वारा अतिथियों को प्रदर्शनी की रूपरेखा और उद्देश्य की जानकारी दी गई। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने की दिशा में केंद्रित हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, आधारभूत संरचना, डिजिटल सेवाओं और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं ने आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। वक्ताओं ने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को साझा प्रयासों से प्राप्त करने पर जोर दिया। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि विकसित भारत 2047 केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है। विभिन्न विभागों के समन्वय, जनभागीदारी और पारदर्शी शासन से ही इस संकल्प को साकार किया जा सकता है। उन्होंने प्रदर्शनी को जागरूकता का सशक्त माध्यम बताया। नगर पालिका अध्यक्ष सविता अरविंद गुप्ता ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि इसमें भारत की प्रगति और भविष्य की स्पष्ट झलक दिखाई देती है। उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विकासोन्मुखी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए ऐसे आयोजनों को उपयोगी बताया। प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं, विकसित भारत 2047, नेक्स्ट जेन जीएसटी और डॉ. भीमराव अंबेडकर से जुड़े विषयों पर आधारित छायाचित्रों का प्रदर्शन किया गया है। इन प्रदर्शनों के माध्यम से वर्ष 2047 के संभावित भारत की तस्वीर प्रस्तुत की गई है। प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिकों को सरकारी योजनाओं, विकासात्मक उपलब्धियों और भविष्य की विकास रणनीति से अवगत कराना है। यह प्रदर्शनी गुरुवार को भी आम नागरिकों के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। - सीताराम नाटानी