भोपाल(ईएमएस)। शेयर बाजार में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर सायबर ठगोरो ने सरकारी कर्मचारी से करीब पौने तीन लाख रुपए की ठगी कर ली। सही समय पर फरियादी द्वारा शिकायत करने पर तुरंत ही एक्शन में आई साइबर पुलिस ने करीब एक लाख रुपए होल्ड करा दिए हैं। वहीं शिकायत मिलने पर बिलखिरिया पुलिस ने अज्ञात जालसाजा के खिलाफ ठगी का मामला कायम कर लिया है। थाना पुलिस के अनुसार फरियादी दिलीप कुमार ने अपनी शिकायत में बताया की वह शासकीय सेवा में है। बीते साल नवंबर महीने में उन्होंने फेसबुक पर एक विज्ञापन देखा जिसमें शेयर बाजार में पैसे निवेश कर सुरक्षित ढंग से मोटा मुनाफा कमाने का ऑफर दिया गया था। दिलचस्पी दिखाते हुए उन्होनें ऐड के नीचे दी गई लिंक पर क्लिक किया। दिलीप कुमार के क्लिक करने के बाद में वीडियो कॉल के जरिए एक युवक ने उससे जुड़ते हुए कहा कि हम आपका मार्गदर्शन करने के साथ ही ऑनलाइन खाता बनाएंगे। इस खाते के जरिए ही निवेश किया जाएगा और निवेश किए गए पैसे एवं रिटर्न में आए मुनाफे के पैसे इसी खाते में आएंगे। साथ ही इस खाते का बैलेंस भी देख आप पता कर सकेंगे कि आपको कितने का मुनाफा हुआ है। ठग के झांसे में आकर दिलीप कुमार ने प्रक्रिया पूरी करते हए उसके बताये अनुसार पहले दिन ही 10 हजार रुपए का निवेश कर दिया। कुछ देर बाद ही उनके खाते में 11 हजार रुपए से ज्यादा पैसे आ गए। विजय कुमार ने यह पैसे एटीएम पर जाकर निकाल लिए। इससे उन्हें भरोसा हो गया जिसके बाद उन्होंने तीस हजार रुपए निवेश किए। इसके बाद युवक द्वारा बनाए गए उनके खाते में एक लाख रुपए का बैलेंस दिखने लगा। उन्हें लगा कि तीन गुना से ज्यादा का फायदा हुआ है। इसके बाद किस्तों में उन्होंने करीब तीन लाख का निवेश कर दिया। चेक करने पर उनके खाते में 23 लाख रुपए दिखने लगे। जब उन्होंने यह रकम निकालने की कोशिश की तब उन्हें कहा गया कि जीएसटी और अन्य टैक्स के रूप में उन्हें 2 लाख रुपए और देने होंगे। दिलीप कुमार समझ गए उनके साथ ठगी हो गई है। उन्होंने तुरंत ही 1930 पर कॉल कर शिकायत की। बताया गया है कि साइबर पुलिस ने उनके करीब एक लाख रुपए के राशि होल्ड करा दी है। इधर शिकायत मिलने पर बिलखिरिया पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की जॉच शुरु कर दी है। जुनेद / 22 जनवरी