ट्रेंडिंग
23-Jan-2026
...


-प्रदेश में 20 प्रमुख स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से भी कम शिमला,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश के शिमला-मनाली में इस साल की पहली बर्फबारी हुई। बर्फबारी अभी भी जारी है। वहीं, कांगड़ा में बारिश हुई। शिमला में देर रात से ही तेज हवाएं चल रही हैं। चंबा में भी लगातार बारिश का दौर जारी है और कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई है। वहीं बरठीं, हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, मंडी व कांगड़ा में शीतलहर चली। प्रदेश में 20 प्रमुख स्थानों पर न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को लाहुल स्पीति, चंबा और कुल्लू जिले में 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से आंधी चलने और भारी हिमपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर, बिलासपुर व सोलन में आंधी के साथ ओलावृष्टि और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार को शिमला शहर के अलावा मनाली, कुफरी, नारकंडा व सोलंग वैली में भी हिमपात की संभावना है। प्रदेश में गुरुवार को कड़ाके की धूप खिली और तेज धूप के बाद शाम के समय शिमला, कांगड़ा सहित कुछ क्षेत्रों में बादल छा गए। प्रदेश में दिन के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हुई है। अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में सबसे अधिक वृद्धि जुब्बड़हट़्टी में 3.7 डिग्री सेल्सियस की हुई है, नेरी में 2.9, ताबो में 2.7, हमीरपुर में 2.5 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान नेरी में 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस का अंतर आया है। 26 और 27 जनवरी को भारी हिमपात और बारिश की संभावना जताई गई है। 24 जनवरी को हल्की बारिश व हिमपात हो सकता है। पर्यटन नगरी मनाली व लाहुल स्पीति में धूप खिली रही और रात आठ बजे मौसम बदला। देर रात चोटियों पर हिमपात हुआ। पर्यटक फोर बाई फोर वाहनों में पर्यटन स्थल शिंकुला गए और दिनभर बर्फ में मौसम का आनंद लिया। सिराज/ईएमएस 23जनवरी26