भोपाल (ईएमएस)। 26 जनवरी 2026 को 77वां गणतंत्र दिवस पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर के इतिहास में पहली बार मुख्य राज्य स्तरीय समारोह शिप्रा नदी के तट स्थित कार्तिक मेला ग्राउंड पर आयोजित किया गया, जहां मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। पूरे आयोजन में देशभक्ति, संस्कृति और विकास की झलक एक साथ देखने को मिली। धार्मिक नगरी उज्जैन में इस वर्ष 77वां गणतंत्र दिवस ऐतिहासिक और भव्य अंदाज में मनाया गया। सोमवार सुबह 9 बजे से समारोह की औपचारिक शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 8 बजकर 55 मिनट पर कार्यक्रम स्थल पहुंचे और ठीक 9 बजे राष्ट्रध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रीय धुन के साथ हर्ष फायर और राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री ने परेड की सलामी ली, जवानों का निरीक्षण किया और परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। इसके पश्चात उन्होंने प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश भी दिया। समारोह में पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट कर अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। परेड की सटीकता और तालमेल ने दर्शकों को प्रभावित किया। इस बार विशेष आकर्षण के रूप में पुलिस द्वारा प्रशिक्षित 12 सदस्यीय स्पेशल डॉग स्क्वाड ने भी अपने कौशल का प्रदर्शन किया, जिसने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।