27-Jan-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली के बारहखंभा रोड स्थित पांच सितारा होटल पर महिला ने भोजन विषाक्तता का आरोप लगाया। तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। राजधानी दिल्ली के बारहखंभा रोड स्थित एक पांच सितारा होटल के खिलाफ एक महिला ने भोजन विषाक्तता का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि होटल से मंगाया गया खाना खाने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने होटल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 33 वर्षीय महिला के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 286 के तहत केस दर्ज किया गया है। शिकायत मिलने के बाद एक महिला सब-इंस्पेक्टर समेत पुलिस की टीम होटल की 12वीं मंजिल पर स्थित महिला के कमरे में पहुंची और मामले की जांच की। महिला की पहचान दिल्ली के प्रसाद नगर इलाके की रहने वाली के रूप में हुई है। उसने पुलिस को बताया कि वह 20 जनवरी को होटल में ठहरने आई थी और उसकी बुकिंग 31 जनवरी तक की थी। महिला ने बताया कि 24 जनवरी को उसने होटल के एक रेस्तरां से खाना मंगवाया था। खाना खाने के कुछ ही समय बाद उसे बेचैनी, उलझन और तबीयत खराब होने जैसी शिकायतें होने लगीं। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/27/ जनवरी /2026