अमरावती,(ईएमएस)। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र में एक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इन अस्पतालों के निर्माण के लिए तत्काल कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जो प्रतिष्ठित अस्पताल प्रबंधन राज्य में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने में इच्छुक हैं, उन्हें रियायतें दी जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि यह सुविधा उन संस्थाओं को भी उपलब्ध होगी, जो इन अस्पतालों की स्थापना और संचालन गैर-लाभकारी आधार पर करना चाहती हैं। नायडू ने स्वास्थ्य क्षेत्र की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को राज्यभर में संजीवनी परियोजना का विस्तार करने के निर्देश भी दिए। संजीवनी परियोजना का उद्देश्य लोगों के स्वास्थ्य रिकॉर्ड को डिजिटल रूप में दर्ज और निगरानी करना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना की शुरुआत पायलट आधार पर चित्तूर जिले में की गई थी, जिसमें लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े विवरण दर्ज करने के साथ उनकी नियमित निगरानी भी की जाती है। टीडीपी प्रमुख नायडू के अनुसार, संजीवनी परियोजना के तहत 70 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना का विस्तार राज्य के सभी जिलों तक सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और निगरानी में बढ़ोतरी हो। नायडू ने यह भी कहा कि विधानसभा क्षेत्रों में मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पतालों का निर्माण जल्द शुरू किया जाए, जिससे लोगों को नजदीकी स्तर पर अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए जनता और निजी संस्थाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। हिदायत/ईएमएस 29जनवरी29