राष्ट्रीय
30-Jan-2026
...


नई दिल्ली,(ईएमएस)। गणतंत्र दिवस समारोह के तहत पर्यटन मंत्रालय द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित किए जाने वाले भारत पर्व 2026 का समापन समारोह शनिवार, 31 जनवरी को आयोजित किया जाएगा। यह समारोह शाम 5:30 बजे दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के सामने स्थित लॉन और ज्ञानपथ पर संपन्न होगा। समापन कार्यक्रम में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। पर्यटन मंत्रालय ने शुक्रवार को जारी एक आधिकारिक बयान में बताया कि भारत पर्व का आयोजन हर वर्ष 26 जनवरी से 31 जनवरी तक किया जाता है। इसका उद्देश्य देश की समृद्ध सांस्कृतिक, रचनात्मक और कलात्मक विरासत को एक ही मंच पर प्रस्तुत करना है, ताकि आम जनता भारत की विविधताओं को करीब से देख और महसूस कर सके। भारत पर्व न केवल सांस्कृतिक उत्सव है, बल्कि यह “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की भावना को भी मजबूती प्रदान करता है। भारत पर्व 2026 के दौरान गणतंत्र दिवस परेड में प्रदर्शित की गई आकर्षक झांकियों को आम लोगों के लिए प्रदर्शित किया गया है, जिन्हें दर्शकों से खूब सराहना मिली। इसके साथ ही सशस्त्र बलों के बैंडों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत संगीतमय प्रस्तुतियां दी गईं। उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्रों, विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों तथा दिल्ली स्थित सांस्कृतिक समूहों ने भी लोकनृत्य, लोकसंगीत और पारंपरिक कला रूपों के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विविधता को जीवंत किया। भारत पर्व में केवल सांस्कृतिक प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि लोगों की सक्रिय भागीदारी के लिए कई रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की गईं। इनमें स्टूडियो किचन सत्र, नुक्कड़ नाटक और डू-इट-योरसेल्फ कार्यशालाएं शामिल रहीं, जिनमें बच्चों से लेकर युवाओं और परिवारों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पर्यटन मंत्रालय के अनुसार, भारत पर्व शनिवार को दोपहर 12:00 बजे से रात 9:00 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। समापन समारोह के साथ भारत पर्व 2026 का औपचारिक समापन होगा, जो देश की सांस्कृतिक एकता और विविधता का उत्सव बनकर उभरा है। हिदायत/ईएमएस 30जनवरी26