01-Feb-2026
...


- अंतिम वनडे में ली हैट्रिक, फिर नहीं मिला खेलने का मौका नई दिल्ली (ईएमएस)। क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है। इस खेल में जब तक आखिरी गेंद फेंकी नहीं जाती, तब तक कुछ भी नहीं कहा जा सकता। इस खेल से कई खिलाड़ी रातोंरात करोड़पति बन गए तो कइयों को मौके मिले लेकिन वह खुद को स्थापित नहीं कर सके। कई खिलाड़ी ऐसे भी रहे जिन्होंने अपने आखिरी मैच में शानदार प्रदर्शन किए, लेकिन इसके बाद वह टीम में दोबारा जगह नहीं बना सके। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व मध्यम गति के तेज गेंदबाज एंथनी स्टुअर्ट भी उन्हीं खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्होंने अपने आखिरी मैच में चमक बिखेरी लेकिन दोबार वह ऑस्ट्रेलिया की ओर से अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेल सके। महज 12 दिन में स्टुअर्ट का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर खत्म हो गया। लंबे कद के तेज गेंदबाज एंथनी स्टुअर्ट न्यू साउथ वेल्स की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलते थे। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने अपने आखिरी वनडे अंतरराष्ट्रीय मैच में 5 विकेट चटकाए जिसमें हैट्रिक भी शमिल था। साथ ही उन्होंने फील्डिंग में भी कमाल का प्रदर्शन करते हुए दो कैच लपके। उन्हें उस मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया। लेकिन इस बदकिस्मत खिलाड़ी को इसके बाद अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का मौका नहीं मिला। 5 जनवरी 1997 को वेस्टइंडीज के खिलाफ ब्रिस्बेन में वनडे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत करने वाले एंथनी ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच 16 जनवरी 1997 को पाकिस्तान के खिलाफ खेला। स्टुअर्ट एंथनी ने लारा को भेजा था पवेलियन एंथनी स्टुअर्ट ने घरेलू क्रिकेट में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद ऑस्ट्रेलिया की नेशनल टीम में जगह बनाई थी। 27वें बर्थडे के तीन दिन बाद एंथनी को वेस्टइंडीज के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर की शुरुआत करने का मौका मिला। डेब्यू वनडे में एंथनी ने शानदार गेंदबाजी से प्रभाव छोड़ा। उन्होंने 10 ओवर में 48 रन देकर 2 विकेट चटकाए। एंथनी ने ब्रायन लारा जैसे दिग्गज बल्लेबाज को भी अपना शिकार बनाया था। पाकिस्तान के खिलाफ खेला दूसरा मैच एंथनी स्टुअर्ट ने 7 जनवरी 1997 को पाकिस्तान के खिलाफ अपने दूसरे मैच में 10 ओवर के कोटे में 35 रन देकर एक विकेट लिया।इसके अलावा उन्होंने दो रन आउट में भी अपना योगदान दिया था। 16 जनवरी को उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ हैट्रिक ली। तब स्टुअर्ट ने 5 विकेट लिए जिसमें हैट्रिक भी शामिल था। साथ ही उन्होंने इस मैच में तीन कैच लेकर छाप छोड़ा। इस मैच में उनकी शानदार गेंदबाजी और फील्डिंग के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वह वनडे में हैट्रिक लेने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बने थे। तब उनसे पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए ब्रूस रीड ने वनडे में लगातार तीन गेंदों पर तीन विकेट चटकाए थे। स्टुअर्ट ने ऐसे पूरी की हैट्रिक एंथनी स्टुअर्ट ने पाकिस्तान के एजाज अहमद, मोहम्मद वसीम और मोइन खान को आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की। उन्होंने पारी की 12वें ओवर की तीसरी गेंद पर एजाज को और चौथी गेंद पर वसीम को विकेटकीपर इयान हीली के हाथों कै करवाया था जबकि पांचवीं गेंद पर मोइन को स्लिप में कप्तान टेलर के हाथों लपकवाया। एंथनी ने उपरोक्त तीनों के अलावा आमिर सोहेल और जहूर इलाही को भी पवेलियन की राह दिखाई थी। उन्होंने इंजमाम उल हक और शाहिद अफरीदी के शानदार कैच भी लपके थे। पाकिस्तान के खिलाफ यही मैच उनके करियर का आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच रहा। स्टुअर्ट एंथनी का क्रिकेट करियर एंथनी स्टुअर्ट ने 3 वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों में 8 विकेट चटकाए जिसमें उनकी गेंदबाजी इकोनोमी 3.63 रही। 26 फर्स्ट क्लास मैचों में एंथनी ने 70 विकेट चटकाए जबकि लिस्ट ए के 27 मैचों में 45 विकेट उनके नाम है। डेविड/ईएमएस 01 फरवरी 2026