- स्वीट हाउस में हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा. - झाड़ियों में छुपाया गया था चोरी का सामान. अमेठी(ईएमएस)।थाना क्षेत्र के पूरबगांव स्थित एक स्वीट हाउस दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा किया है।पुलिस ने चोरी के सामान व नकदी के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार,जिले की गौरीगंज पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर अभियुक्त अर्जुन निवासी थाना क्षेत्र- गौरीगंज जनपद अमेठी को गिरफ्तार किया।तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से 1120 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने गुरुवार की रात पूरबगांव स्थित बंगाली स्वीट हाउस दुकान के अंदर घुसकर एक एलईडी टीवी,एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू एवं नकदी चोरी की थी।बरामद नकदी उसी चोरी की है।अभियुक्त ने यह भी बताया कि चोरी किया गया एलईडी टीवी और इलेक्ट्रॉनिक तराजू उसने दयालापुर मोड़ के पास झाड़ियों में छुपा दिया था।अभियुक्त की निशानदेही पर पुलिस ने झाड़ियों से चोरी का एलईडी टीवी व इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद कर लिया। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। ईएमएस/राम मिश्रा