व्यापार
01-Feb-2026
...


- रिकॉर्ड उच्च स्तर से चांदी 1.54 लाख और सोना 44,888 रुपए टूटा नई दिल्ली (ईएमएस)। आम बजट 2026 के पेश होने से पहले रविवार 1 फरवरी को घरेलू वायदा बाजार में विशेष ट्रेडिंग सत्र आयोजित किया गया। बाजार खुलते ही सोने और चांदी के वायदा भाव में जोरदार बिकवाली देखने को मिली। पिछले सप्ताह गुरुवार को रिकॉर्ड ऊंचाई छूने के बाद शुक्रवार से ही दोनों धातुओं में तेज गिरावट का सिलसिला जारी है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोने का बेंचमार्क फरवरी कॉन्ट्रैक्ट 4,489 रुपये की गिरावट के साथ 1,45,164 रुपये प्रति 10 ग्राम पर खुला। इस समय यह कॉन्ट्रैक्ट 13,468 रुपये टूटकर 1,36,185 रुपये पर कारोबार कर रहा था। दिन के दौरान सोने ने 1,46,800 रुपये का उच्च स्तर और 1,36,185 रुपये का निचला स्तर छुआ। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने सोने ने 1,80,779 रुपये का सर्वकालिक उच्च स्तर बनाया था। वहां से अब तक सोना करीब 44,600 रुपये यानी लगभग 24.66 फीसदी गिर चुका है। चांदी के वायदा भाव भी दबाव में रहे। एमसीएक्स पर मार्च कॉन्ट्रैक्ट 7,099 रुपये की गिरावट के साथ 2,84,826 रुपये प्रति किलो पर खुला। कारोबार के दौरान इसमें और कमजोरी आई और यह 26,273 रुपये गिरकर 2,65,652 रुपये तक फिसल गया। दिन का उच्च स्तर 2,84,826 रुपये और निचला स्तर 2,65,652 रुपये रहा। पिछले महीने चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड बनाया था, जहां से यह अब तक करीब 1,54,396 रुपये यानी 36.75 फीसदी टूट चुकी है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी रिकॉर्ड तेजी के बाद मुनाफावसूली हावी है। हालांकि रविवार को कॉमेक्स बाजार बंद रहा। पिछले सप्ताह गुरुवार को सोना 5,586.20 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था, लेकिन अगले ही दिन यह गिरकर 4,700 डॉलर तक आ गया। इसी अवधि में चांदी भी 121.79 डॉलर से फिसलकर 74 डॉलर प्रति औंस के निचले स्तर तक पहुंच गई। सतीश मोरे/01फरवरी ---