व्यापार
01-Feb-2026
...


निफ्टी 495 अंक नीचे आया, निवेशकों के 9.55 लाख करोड़ डूबे मुम्बई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार बजट के कारण रविवार को खुला रहा पर इस विशेष कारोबारी सत्र में भारी गिरावट रही। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का बजट 2026 भाषण शुरु होते ही बाजार गिरने लगा और अंत तक यही स्थिति रही। दिन भर के कारोबार के बाद तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स अंत में 1546.84 अंक की गिरावट के साथ ही 80,722.94 अंक पर बंद हुआ। वहीं पचास शेयरों वाला एनएसई (निफ्टी) अंत में 495.20 अंक टूटकर गिरकर 24,825.45 पर बंद हुआ। बाजार जानकारों के अनसार बजट में सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (एसटीटी) को बढ़ाने की घोषणा से बाजार में गिरावट आई है क्योंकि इससे विदेशी निवेशकों में बिकवाली की आशंका बढ़ गयी। इससे बेंचमार्क इंडेक्स 2 फीसदी से ज्यादा गिर गए। इसके साथ ही मेटल स्टॉक्स में भारी बिकवाली से भी बाजार पर दबाव आया। केंद्रीय वित्त मंत्री ने बजट भाषण में कमोडिटी फ्यूचर्स पर एसटीटी को 0.02 फीसदी से बढ़ाकर 0.05 फीसदी करने की घोषणा की है। प्रस्ताव के तहत ऑप्शंस प्रीमियम पर एसटीटी को 0.1 फीसदी से बढ़ाकर 0.15 फीसदी कर दिया गया है। आज कारोबार के दौरान सेंसेक्स की कंपनियों में एसबीआई का शेयर सबसे ज्यादा गिरा। इसमें 5.61 फीसदी की गिरावट रही। वहीं अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटीसी, टाटा स्टील, अल्ट्रा सीमेंट, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एलएंडटी, बजाज फाइनेंस, मारुति, एशियन पेंट्स, एनटीपीसी और बजाज फिनसर्व के शेयर नीचे आये। वहीं दूसरी ओर टीसीएस लगभग 2 फीसदी उछलकर बंद हुआ। इसके अलावा इंफोसिस, सन फार्मा और टाइटन के शेयरों में भी तेजी रही। वहीं निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 2.24 फीसदी नीचे आया जबकि निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 2.73 फीसदी गिरा। आज आईटी को छोड़कर सभी सेक्टोरल इंडेक्स में बिकवाली हावी रही। निफ्टी पीएसयू बैंक 5.57 फीसदी नीचे आया। इसके बाद निफ्टी मेटल 4.05 फीसदी, ऑटो 2.09 फीसदी, बैंक 2 फीसदी, फाइनेंशियल सर्विसेज 2.31 फीसदी, एफएमसीजी 2.29 फीसदी, रियल्टी 2.22 फीसदी नीचे आये। वित्त मंत्री ने कहा कि हम विकसित भारत के विजन की तरफ काम करते रहेंगे। हम ग्लोबल मार्केट के साथ लॉन्ग टर्म इन्वेस्टमेंट के विजन के साथ आगे बढ़ रहे हैं। सीतारमण ने कहा कि हम दुनिया की सबसे बड़ी इकोनॉमी बनने की तरफ बढ़ रहे हैं। वहीं वैश्विक स्तर पर शुक्रवार को अमेरिकी बाजार गिरावट पर बंद हुए थे। इसका कारण अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के फेडरल रिजर्व के पूर्व गवर्नर केविन वार्श को फेड चेयर जेरोम पॉवेल के उत्तराधिकारी के रूप में नामित करना रहा। एसएंडपी 500 में 0.43 फीसदी की गिरावट आई जबकि डाउ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज 0.36 फीसदी नीचे रहा। वहीं एशियाई बाजार भी शुक्रवार को ज्यादातर नुकसान के साथ बंद हुए थे। । चीन का शंघाई कंपोजिट 0.96 फीसदी गिरा, ऑस्ट्रेलिया का एसएंडपी/एएसएक्स 200 0.65 फीसदी और जापान का निक्केई 225 में 0.09 फीसदी की मामूली गिरावट रही पर दक्षिा कोरिया का कोस्पी 0.06 फीसदी टूटकर बंद हुआ। वहीं इससे पहले आज केंद्रीय बजट को लेकर आयोजित विशेष कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत हल्की तेजी के साथ हुई। हालांकि, शुरुआती बढ़त ज्यादा देर तक कायम नहीं रह सकी और कुछ ही मिनटों में बाजार लाल निशान में फिसल गया। इसके बाद बाजार में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिला। सुबह शुरुआत के बाद बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 55.11 अंक की बढ़त के साथ 82,324.89 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं एनएसई निफ्टी 3.50 अंक या 0.01 फीसदी की गिरावट के साथ 25,317.15 पर बना हुआ था। आज मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में दबाव देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.32 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 0.83 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। ईएमएस 01 फरवरी 2026