राष्ट्रीय
01-Feb-2026


बीजेपी बोली-बांग्लादेश की तरह पश्चिम बंगाल में भी हिंदुओं को जबरन खिलाया जा रहा गोमांस कोलकाता,(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में एक रेस्टोरेंट में मटन की जगह बीफ परोसने का मामला सामने आया। बंगाली यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर सायक चक्रवर्ती ने आरोप लगाया है कि उन्होंने मटन स्टेक ऑर्डर किया था, लेकिन उन्हें बीफ स्टेक परोस गया। उन्होंने बीफ को मटन समझकर खा लिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक सायक चक्रवर्ती शुक्रवार रात अपने दोस्तों के साथ पार्क स्ट्रीट स्थित एक पब-रेस्टोरेंट में डिनर करने गए थे। उन्होंने एक मटन स्टेक ऑर्डर किया था। कुछ देर बाद वेटर एक और प्लेट लेकर आया और कहा कि यह मटन स्टेक है। तब सायक को शक हुआ कि पहले परोसा गया स्टेक मटन नहीं था। सायक ने जब वेटर से सवाल किया तो उसने दावा किया कि दो स्टेक ऑर्डर किए गए थे। एक मटन और एक बीफ। सायक का कहना है कि उन्होंने सिर्फ एक मटन स्टेक ऑर्डर किया था। वीडियो में सायक वेटर से बहस करते और जवाब मांगते दिख रहे हैं। रेस्टोरेंट मैनेजर और वेटर वीडियो में माफी मांगते नजर आते हैं। वीडियो में सायक यह कहते भी सुने गए कि वह ब्राह्मण हैं। इस घटना से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। इसके बाद पार्क स्ट्रीट पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है। वेटर को गिरफ्तार कर लिया गया है। बीजेपी आईटी हेड अमित मालवीय ने एक्स पर सायक का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा कि बांग्लादेश की तरह पश्चिम बंगाल में भी हिंदुओं को जबरन गोमांस खिलाया जा रहा है। आज जो हम देख रहे हैं, वह कोई छिटपुट घटना नहीं है, बल्कि चेतावनी है। अगर टीएमसी सत्ता में वापस आती हैं, तो यह अपवाद नहीं रहेगा, बल्कि आम बात हो जाएगी। यह पसंद या खानपान की आदतों का मामला नहीं है, बल्कि हिंदुओं की आस्था और विश्वासों को पूरी तरह से कुचलने का मामला है। ममता प्रशासन गायों की तस्करी और अवैध हत्या पर लगाम लगाने में विफल रहा है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वीडियो वायरल होने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने सायक पर सांप्रदायिक माहौल बनाने का आरोप लगाया और उन्हें बीजेपी एजेंट कहा। इसके बाद सायक ने पहला वीडियो डिलीट कर दूसरा वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने किसी भी राजनीतिक या सांप्रदायिक मंशा से इनकार किया। सायक ने कहा कि मेरा किसी तरह का हिंदू-मुस्लिम दंगा भड़काने का इरादा नहीं है। मेरे मुस्लिम दोस्त हैं, मैं ईद भी मनाता हूं। मेरा कंटेंट हमेशा साम्प्रदायिक सौहार्द को बढ़ावा देता है। सायक ने कहा कि उन्हें वेटर से दुश्मनी नहीं है। अगर ऐसी गलतियों पर सवाल नहीं उठेंगे, तो भविष्य में और लोगों के साथ ऐसा हो सकता है। सिराज/ईएमएस 01फरवरी26 -----------------------------------