- तीन वाहनों को मारी टक्कर, चार लोग घायल, बिजली का खंभा भी तोड़ा राजगढ़ (ईएमएस )जिले के खिलचीपुर में श्मशान के पास नाहरदा गेट क्षेत्र में शनिवार दोपहर राता देवी मंदिर की घाटी से उतरते समय एक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। अनियंत्रित ट्रक ने एक के बाद एक तीन वाहनों को टक्कर मारी और अंत में बिजली के खंभे में जा घुसा। हादसे में चार लोग घायल हुए हैं, जबकि मौके पर मौजूद अन्य लोग बाल-बाल बच गए। घटना दोपहर करीब 3:45 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कंटेनर ट्रक घाटी से नीचे उतरते समय ब्रेकर के पास अचानक नियंत्रण से बाहर हो गया। ब्रेक फेल होते ही ट्रक तेज रफ्तार में आगे बढ़ा और उसने आगे चल रही बोलेरो को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक बोलेरो को करीब 90 फीट तक घसीटता ले गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का आगे और पीछे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन का अगला टायर पूरी तरह टूट गया। बोलेरो में एलएनटी कंपनी के 7 कर्मचारी सवार थे, जो भोजपुर से खिलचीपुर की ओर जा रहे थे। बेकाबू ट्रक इसके बाद नाहरदा गेट के पास सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को कुचलता हुआ आगे बढ़ा और सड़क से नीचे खड़े टाटा एस वाहन को टक्कर मार दी। अंत में ट्रक बिजली के खंभे में जा घुसा। टक्कर से खंभा तीन टुकड़ों में टूट गया और बिजली के तार जमीन पर गिर गए, जिससे कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तत्काल बाद नाहरदा गेट और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह थम गया। लोग क्षतिग्रस्त वाहनों को देखकर दहशत में नजर आए और बार-बार यही कहते दिखे कि यदि कुछ सेकेंड का फर्क होता तो हादसा और भी भयावह हो सकता था। जहां हादसा हुआ, वहां अक्सर खेलते हैं बच्चे स्थानीय लोगों ने बताया कि नाहरदा कॉलोनी के पास जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां आमतौर पर बच्चे शाम के समय खेलते रहते हैं। गनीमत रही कि हादसे के समय वहां कोई बच्चा मौजूद नहीं था, वरना स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। इस बात को लेकर क्षेत्र में चर्चा और चिंता का माहौल बना रहा। हादसे में बोलेरो सवार मुकेश दांगी (28) निवासी रनारा थाना छापीहेड़ा, पवन राठौर (29) निवासी दयाखेड़ी थाना लीमा चौहान, हेमंत सिंह खिंची (31) निवासी खिलचीपुर और मोहन दांगी (43) निवासी सोयत खुर्द जिला आगर को हल्की चोटें आईं। सभी घायलों को एंबुलेंस से खिलचीपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत ठीक है। - ड्राइवर बोला - ब्रेक फेल होते ही चिल्लाया खिलचीपुर पुलिस हिरासत में लिए गए कंटेनर चालक यूनुस खान (35), निवासी चामुंडी कला जिला अलवर (राजस्थान) ने बताया कि वह कोटा से कंटेनर लेकर हैदराबाद जा रहा था। राता देवी मंदिर के आगे घाटी उतरते समय ब्रेकर के पास अचानक ट्रक के ब्रेक फेल हो गए। चालक का कहना है कि ब्रेक फेल होते ही उसने खिड़की से सिर बाहर निकालकर सड़क पर मौजूद लोगों को हटाने के लिए जोर-जोर से चिल्लाया, ताकि कोई चपेट में न आए, लेकिन तभी ट्रक आगे चल रही बोलेरो से टकरा गया। हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक विद्युत विभाग के कर्मचारी वंश बनावड़े की थी। उन्होंने बताया कि वे नाहरदा कॉलोनी में बिजली वसूली के लिए गए थे और बाइक सड़क से नीचे खड़ी की थी। वहीं नाहरदा कॉलोनी निवासी जाकिर मोहम्मद ने बताया कि टाटा एस वाहन भी सड़क से नीचे खड़ा था, ट्रक की चपेट में आने से वह भी आगे से क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही खिलचीपुर थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती, पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को खिलचीपुर अस्पताल भिजवाया गया और बिजली विभाग को सूचना देकर टूटे तार हटवाए गए। इसके बाद क्षेत्र में यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने कंटेनर चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। -निखिल कुमार (राजगढ़)1/2/2026