राजगढ़(ईएमएस) जिले में आगामी बोर्ड परीक्षाओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने केंद्र अध्यक्षों और सहायक केंद्र अध्यक्षों की बैठक लेकर स्पष्ट कहा कि परीक्षा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, वे ड्यूटी कैंसिल नहीं कराएंगे। उन्होंने इसे अत्यंत जिम्मेदारी वाला कार्य बताते हुए सभी से समयबद्ध और सतर्क रहकर दायित्व निभाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने सभी से मिलकर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने की अपील की। उड़नदस्तों को सतत निरीक्षण के निर्देश कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा और चुनाव जैसी प्रक्रियाएं पूरी तरह गोपनीय होती हैं, इसलिए अनुशासन, पारदर्शिता और ईमानदारी सर्वोपरि है। सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी अनुचित गतिविधि की सूचना मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। उड़नदस्तों को सतत निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नकल या अन्य गड़बड़ी की संभावना समाप्त हो सके। -निखिल कुमार (राजगढ़)1/2/2026