पुलिस को आरोपी फूफा की तलाश, उसके खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर - सिर में गोली लगने से तीसरी कक्षा के छात्र की मौत का मामला भोपाल(ईएमएस)। पुराने शहर के गौतम नगर थाना इलाके में तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले छात्र की सिर में गोली लगने से मौत हो जाने की घटना में किशोर की शार्ट पीएम रिर्पोट और पिता से मिली शुरुआती जानकारी के आधार पर अब पुलिस छात्र के पिता के रिजवान के जीजा वाहिद नूर की तलाश कर रही है। जिस हथियार से छात्र ने गोली मारी है, वह अवैध पिस्टल वाहिद की है। मृतक इब्राहिम का शव शनिवार को ही पीएम के बाद परिवार वालो को सौपं दिया गया था। और शनिवार रात ही छोला थाना क्षेत्र स्थित कब्रिस्तान में उसे सुपुर्द-ए-खाक किया गया। इसके बाद छात्र के रिश्तेदारो से हुई बातचीत में सामने आया की हादसे के समय छात्र के पिता रिजवान घर में मौजूद नहीं थे। वहीं उसकी मां और परिवार की अन्य महिला सदस्य नीचे वाले फ्लोर पर खाना खा रही थीं। तभी पटाखे जैसी तेज आवाज आने पर मॉ पहले फ्लोर पर पहुंचीं, वहां बालकनी में इब्राहिम खून से लथपथ पड़ा था। इसके बाद कमरे में आये इब्राहिम के चाचा रेहान उसे खून से सना देख सन्न रह गये। और तुरंत ही आसपास के लोगो की मदद से उसे इलाज के लिये कमला नेहरू अस्पताल लेकर पहुचें। बाद में सूचना मिलने पर रिजवान भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में इलाज के दौरान इब्राहिम की शनिवार सुबह मौत हो गई। पुलिस की अब तक की जांच में यह साफ नहीं हो सका है कि बच्चे ने खुद को गोली मारकर सुसाइड किया है या खेल-खेल में गोली चली है। मामले को लेकर एसीपी राकेश सिंह बघेल का कहना है कि बच्चों के कनपटी पर गन शॉट के निशान आए हैं। पीएम करने वाले डॉक्टरों ने फिलहाल यह स्पष्ट किया है कि बच्चों ने सुसाइड किया है। हालांकि उसने ऐसा क्यों किया इस बात का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। परिजनों ने भी घर में बच्चों को किसी भी प्रकार की डांट-फटकार किए जाने की बात से इनकार किया है। बच्चों के पिता रिजवान के बयानों में यह साफ हुआ है कि शुक्रवार को उनके घर में सफाई कार्य किया गया। इस दौरान बच्चों के हाथ में घर में रखी अवैध पिस्तौल जो रिजवान के जीजा वाहिद नूर की बताई जा रही है। इसे उसने परिजनों की जानकारी के बगैर अपने पास छुपाया। देर रात इसी पिस्टल से गोली चली और बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने आगे की जॉच के लिये घटना वाले पूरे फ्लोर को सील करते हुए जब्त पिस्टल को जांच के लिए एफएसएल भेजा है। - पहले भी चर्चाओ में रह चुका है वाहिद नूर पुलिस के मुताबिक वाहिद नूर डीआईजी बंगला इलाके मोबाइल दुकान का संचालन करता था। साल 2019 में सीरियल किलिंग के आरोप में गिरफ्तार मंडीदीप के ट्रेलर आदेश खामरा को गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में आदेश ने लूट की नीयत से करीब दो दर्जन से अधिक ट्रक ड्राइवर को देश के अलग-अलग राज्यों में मौत के घाट उतारे जाने की बात स्वीकार की थी। इन्हीं वारदातों में से एक ट्रक में लोड लोहे को आदेश द्वारा वाहिद नूर के मार्फत निशातपुरा इलाके की एक लोहा फैक्ट्री में बेचे जाने की बात स्वीकार की गई थी। अब वाहिद नूर का नाम एक बार फिर चर्चा में है। आरोप है कि जिस पिस्टल की गोली लगने से इब्राहिम की मौत हुई, वह वाहिद नूर की थी। अफसरो का कहना है की वाहिद नूर की तलाश की जा रही है, उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओ में मामला दर्ज किया जायेगा, वहीं आगे की जॉच के आधार पर उसके खिलाफ अन्य धाराओ का इजाफा किये जाने सहित कार्यवाही की दिशा तय की जायेगी। - छात्र के पिता ने यह बताया है पुलिस को मृतक छात्र के पिता रिजवान लाला के बयान पुलिस ने दर्ज कर लिए हैं। रिजवान ने पुलिस को बताया कि उसका जीजा वाहीद नूर, निवासी जहांगीराबाद, करीब एक महीने तक बक्श कॉलोनी, जेपी नगर स्थित उनके मकान में रहकर गया था। इसी दौरान उसकी एक अवैध कंट्री मेड पिस्टल घर में रह गई, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं थी। जुनेद / 1 फरवरी