ब्यावरा(ईएमएस) विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बिनियाखेड़ी में विकास कार्यों को सशक्त रूप देते हुए लगभग 18 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित सामुदायिक भवन एवं पेवर्स निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग श्री नारायण सिंह पंवार द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन एवं स्थानीय कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। राज्यमंत्री (स्वतंत प्रभार) श्री पंवार ने कहा कि ब्यावरा विधानसभा में विकास कार्य निरंतर गति से आगे बढ़ रहे हैं। सड़क, भवन, पेयजल, बिजली और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और ग्रामीण जीवन स्तर में वास्तविक सुधार हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार विकास के हर क्षेत्र में ठोस और परिणामोन्मुखी कार्य कर रही है। सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और गांव आत्मनिर्भर बनें। राज्यमंत्री ( स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने ग्रामीण विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि सामुदायिक भवन जैसे निर्माण कार्य सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों के लिए उपयोगी सिद्ध होंगे, वहीं पेवर्स निर्माण से गांव की आंतरिक सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की स्थिति में सुधार होगा। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की विश्व स्तर पर बढ़ती ख्याति का भी उल्लेख किया और कहा कि आज भारत विकास, विश्वास और नेतृत्व के नए मानक स्थापित कर रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से देश और प्रदेश दोनों प्रगति के पथ पर अग्रसर हैं। -निखिल कुमार (ब्यावरा )1/2/2026