क्षेत्रीय
01-Feb-2026
...


शिवपुरी ( ईएमएस ) जिले के पिछोर थाना क्षेत्र में एक युवक की पत्थर पटककर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 38 वर्षीय राजेंद्र वंशकार के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि राजेंद्र वंशकार शनिवार देर शाम गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने घर से निकला था। वहां उसने अपने दो साथियों भगवानदास वंशकार और नरेंद्र पाल के साथ शराब पी। रात में तीनों को एक साथ देखा गया था, लेकिन इसके बाद राजेंद्र घर नहीं लौटा। रविवार सुबह ग्रामीणों ने सुजावनी रोड किनारे राजेंद्र का शव पड़ा देखा। उसके सिर पर पत्थर से कुचलने के निशान थे, जिससे स्पष्ट हुआ कि उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। घटना के बाद पुलिस ने भगवानदास वंशकार और नरेंद्र पाल की तलाश शुरू की। तलाशी के दौरान भगवानदास को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने बताया कि शराब के नशे में नरेंद्र पाल और राजेंद्र के बीच गाली-गलौज हुई थी। विवाद बढ़ने पर नरेंद्र ने राजेंद्र को जमीन पर पटक दिया और उसके सिर पर पत्थर मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने भगवानदास के बयान के आधार पर नरेंद्र पाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।