- 135 जरूरतमंद महिलाओं को उपलब्ध कराईं “आटा चक्की” ग्वालियर ( ईएमएस ) | सेवा पखवाड़ा एवं विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह द्वारा अनूठा एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में 135 जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिये “आटा-चक्की” मशीनें उपलब्ध कराई गईं। ये सभी ऐसी महिलायें हैं जो अभावों में अपने परिवार के साथ जिंदगी बसर कर रहीं हैं। इन सभी को मंत्री श्री कुशवाह ने सीएसआर फंड से “आटा-चक्की” मशीनें उपलब्ध कराईं हैं। 01 फरवरी रविवार को लक्ष्मीगंज धर्मकांटे के सामने स्थित पुराने रेलवे स्टेशन जीवाजीगंज परिसर में यह कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया, पूर्व जिला अध्यक्ष अभय चौधरी, पूर्व विधायक रमेश अग्रवाल, नगर निगम के पूर्व सभापति राकेश माहौर सहित जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित थे। महिलायें आत्मनिर्भर बनकर अपने परिवार, प्रदेश व देश को मजबूत करें – मंत्री श्री कुशवाह सामाजिक न्याय एवं उद्यानिकी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को आत्मनिर्भर बनाकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नए भारत व समृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण का संकल्प लिया है। इसी भावना के साथ आज ग्वालियर में इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उन्होंने “आटा चक्की” मशीनें लेने आईं महिलाओं का आह्वान किया कि आप सब आत्मनिर्भर बनकर देश को मजबूत करें, जिससे प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप अपना देश विश्वभर का नेतृत्व करे। मंत्री श्री कुशवाह ने महिलाओं से यह भी कहा कि यदि परिवार में कोई नशा करता हो तो उसे नशे से दूर करने की पहल भी करें। भाजपा जिला अध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजौरिया ने कहा कि मंत्री श्री कुशवाह ने आटा चक्की उपलब्ध कराकर जरूरतमंद महिलाओं को नई ताकत देने का काम किया है। निश्चित ही इससे महिलायें आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ेंगीं। उन्होंने कहा कि उद्यानिकी मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह द्वारा सीएसआर मद से महिलाओं को रोजगार से जोड़ने का जो कार्य किया जा रहा है, उसकी जितनी प्रशंसा की जाए उतनी कम है। कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष श्री अभय चौधरी ने भी जनकल्याण व जरूरतमंदों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिये किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह निरंतर महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का सराहनीय कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी महिलाओं को आटा चक्की उपलब्ध कराने के लिये आयोजित कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि सर्वश्री रविन्द्र सिंह राजपूत, सतपाल सिंह जादौन, सुधीर गुप्ता, कौशलेन्द्र राजावत, अमर कुटे, संतोष गोडयाले, यामिनी परांडे, मोहित जाट, अंजलि पलैया, विनय जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।