- दुकान सील, एफआईआर दर्ज -किसानों ने कराई थी शिकायत दर्ज - नियमों को ताक पर रख किसानों से की जा रही थी लूट शिवपुरी (ईएमएस)।शिवपुरी जिले के ग्राम सीहोर में किसानों को बिना लाइसेंस के दुकान खोलकर अधिक रेट में उर्वरक बेचने वाले एक विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई की गई है। कृषि विभाग के दल द्वारा शिकायत मिलने पर कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान शिकायत सही पाए जाने पर दुकान को सील किया गया और संबंधित विक्रेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया है कि किसानों ने इस मामले में शिकायत की थी शिकायत के बाद थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। दो गुनी रेट पर बेचा जा रहा था उर्वरक- ग्राम सीहोर में कृषकों को बिना लाइसेंस एवं शासन द्वारा निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर उर्वरक विक्रय किए जाने के मामले में संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जितेन्द्र कुमार कोरकू एवं कृषि विस्तार अधिकारी प्रताप सिंह गरवाल को प्राप्त शिकायत के आधार पर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उर्वरक विक्रेता धर्मेन्द्र साहू पुत्र रामस्वरूप साहू दुकान बंद कर मौके से फरार पाया गया। दुकान के बाहर उपस्थित कृषक पवन जाटव निवासी ग्राम बरसोडी द्वारा कथन दिया गया कि उन्हें दो बोरी यूरिया उर्वरक 950 रुपए में विक्रय किया गया। इसी प्रकार कृषक राजपाल सिंह गुर्जर निवासी ग्राम सीहोर ने बताया कि उन्हें 50 बोरी यूरिया 450 रुपए प्रति बोरी की दर से दी गई। जबकि शासन द्वारा यूरिया उर्वरक की निर्धारित दर 266.50 रुपए प्रति बोरी है। थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज- शिकायत के बाद जांच में यह स्पष्ट हुआ कि संबंधित विक्रेता द्वारा अवैध रूप से उर्वरक का भंडारण कर बिना लाइसेंस एवं अधिक दर पर कृषकों को उर्वरक विक्रय किया जा रहा था। उर्वरक का भंडारण योगी पुत्र मातादीन योगी एवं भगवती प्रसाद गोस्वामी के मकान (माता मंदिर के पास) किराए पर लेकर किया जा रहा था। मौके पर उर्वरक निरीक्षक द्वारा दोनों दुकानों को सील कर दिया गया है। इस संबंध में संबंधित उर्वरक विक्रेता के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 एवं उर्वरक गुण नियंत्रण आदेश 1985 की धारा 7/8/9 के अंतर्गत पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। रंजीत गुप्ता, 01 फरवरी, 2026