क्षेत्रीय
01-Feb-2026
...


मंडला (ईएमएस)। नारायणगंज सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) विभाग के अंतर्गत विकासखंड नारायणगंज के ग्राम कुंडा (प्राकृतिक खेती क्लस्टर) में कृषकों के लिए कृषि संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को प्राकृतिक खेती, उन्नत कृषि तकनीकों एवं वैकल्पिक फसलों की खेती के प्रति जागरूक करना रहा।संगोष्ठी में कृषि विभाग से श्रीमती अंजू कुडापे (उप परियोजना संचालक, आत्मा), श्री अरविंद कुमार वर्मा (सहायक संचालक कृषि) एवं श्री हरिओम झरिया (कृषि विस्तार अधिकारी) उपस्थित रहे। अधिकारियों ने किसानों को प्राकृतिक खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए रासायनिक उर्वरक एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी।इस दौरान किसानों को जीवामृत, बीजामृत, नीमास्त्र जैसे जैविक घोलों के निर्माण एवं उपयोग की विधि विस्तार से बताई गई। अधिकारियों ने बताया कि प्राकृतिक उपायों से मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है तथा सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण उत्पादन संभव होता है। कार्यक्रम में किसानों को चिया सीड, किनोवा सहित अन्य पोषक फसलों की खेती के लिए भी प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि इन फसलों की बाजार में अच्छी मांग है और कम लागत में अधिक लाभ प्राप्त किया जा सकता है। साथ ही बीज चयन, खेत की तैयारी, पोषण प्रबंधन एवं विपणन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी दी गईं। कार्यक्रम के अंतिम चरण में किसानों को शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं एवं लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। संगोष्ठी में किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी समस्याएं रखीं, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। ईएमएस / 01 फरवरी 2026