क्षेत्रीय
01-Feb-2026
...


- रैली निकालकर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन अशोकनगर (ईएमएस)। जिले में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के नए नियम के विरोध में रविवार को शाढ़ौरा और मुंगावली में बाजार बंद रहे, दोपहर तक बंद का असर रहा। सामान्य वर्ग के लोगों ने दोनों ही स्थानों पर विरोध रैली निकाली और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। मुंगावली में प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद मैदान में एक सभा का आयोजन किया गया, जहां लोगों को संबोधित किया गया। रैली शहर के मुख्य चौक-चौराहों से गुजरी और अंत में तहसील कार्यालय में तहसीलदार सोनम शर्मा को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। शाढ़ौरा में भी यूजीसी के निए नियम के विरोध में नगर बंद रहा। शहर के मुख्य मार्गों से हाथों में बैनर लेकर रैली निकाली गई, जिसके बाद थाने पहुंचकर ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने अपने संबोधन और ज्ञापन में बताया कि यूजीसी रेग्यूलेशन सामान्य वर्ग के मेधावी छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने मांग की कि सरकार इस विवादित नियम को तत्काल वापस ले या इसमें ऐसे संशोधन करे जिससे सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के हितों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके। ज्ञापन में कहा गया है कि सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों में भारी असंतोष और असुरक्षा का भाव है। उनकी मुख्य मांगों में सामान्य वर्ग के मेधावी छात्रों के हितों की रक्षा शामिल है, जिन्हें प्रस्तावित नियम में पूरी तरह से नजरअंदाज किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि नियम में ऐसे प्रावधान जोड़े जाएं जिससे सामान्य वर्ग के छात्रों को समान अवसर और शैक्षणिक सुरक्षा प्राप्त हो सके। उन्होंने वर्तमान स्वरूप में नियम को विसंगतियों से भरा बताते हुए तत्काल वापस लेने की मांग की, क्योंकि यह भविष्य में छात्रों के बीच भेदभाव बढ़ा सकता है। ज्ञापन में यह भी सुझाव दिया गया कि यदि सरकार नया नियम लाना चाहती है, तो सभी वर्गों के प्रतिनिधियों और शिक्षाविदों से चर्चा कर एक समावेशी निमय बनाया जाए, जिसमें योग्यता (मेरिट) को प्राथमिकता दी जाए। ईएमएस / 01 फरवरी 2026